बिहार: अज्ञात बीमारी से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, आठ गंभीर
बिहार के सिवान जिले में अज्ञात बीमारी से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, सदर अस्पताल में चार का इलाज चल रहा है।
सिवान [जेएनएन]। बिहार के सिवान के मैरवा प्रखंड के मिस्करही नई बस्ती में अज्ञात बीमारी से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि आठ लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए। आनन फानन में सभी पीडि़तों को इलाज के लिए मैरवा रेफरल अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां से सभी को सदर अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। जबकि दो का इलाज गोरखपुर में चल रहा है।
मृतकों की मौत किस वजह से हुई है इसके बारे में चिकित्सक भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं। वहीं चिकित्सकों से मिली जानकारी के अनुसार मरने वाले दोनों मृतकों की किडनी फेल हो गई थी। इधर इस मामले में जिला स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल टीम गठित कर जांच के निर्देश दे दिए हैं। मृतक इसराफिल अंसारी और उनकी पत्नी अकबरी खातून तथा इसारफिल का नाती अबुतुलहा बताए जाते हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और तरह तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
घटना के बाद बीमार हुए इलारज लोगों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से इन्हें पाचन क्रिया में परेशानी हो रही थी। उल्टी, जी मतलाना आदि की शिकायत परिवार के सभी सदस्यों को थी। घटना को लेकर मिस्करही और लालगंज के लोगों में भय बना हुआ है।
बताते हैं कि मिस्करही नई बस्ती में मो. इसराफिल अंसारी का पुत्र एक सप्ताह पूर्व अचानक बीमार हो गया। उसे उल्टी की शिकायत थी, उसका इलाज रफ्तार में चलाने के लिए भर्ती किया गया। धीरे-धीरे परिवार के कई लोग बीमार हो गए। इधर दो दिन पहले इसराफिल अंसारी भी बीमार पड़ गए। बीमार पिता एवं भाई को देखने ससुराल से आई बुची खातून को भी संक्रमण हो गया। वह भी बीमार हो गई। उसे ससुराल वाले अपने घर लेकर चले गए, ताकि बेहतर उपचार करा सकें।
इधर इसराफिल अंसारी की मौत इलाज के दौरान शनिवार को सदर अस्पताल में हो गई। मृतक की पत्नी अकबरी खातून की स्थिति गंभीर देख उसे चिकित्सकों ने गोरखपुर रेफर कर दिया। गोरखपुर ले जाने के क्रम में ही अकबरी की मौत हो गई।
पुत्र सोनू अंसारी, अरमान अंसारी, बेटी नईमा खातून, बेबी खातून, बुची खातून, मैनुद्दीन अंसारी का पुत्र समीर अंसारी, समेत परिवार के सभी सदस्य बीमार हैं। बीमार को पहले रेफरल अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बता दें कि कै- बुखार और गर्दन पर बारीक सफेद दाने इस बीमारी के मुख्य लक्षण दिखे हैं। वहीं जांच टीम ने पानी का नमूना लेने के बाद मैरवा में रविवार को सप्लाई पर रोक लगा दी।