Siwan News: बरात में हुई फायरिंग से दूल्हे का मामा घायल, बट से मारकर भतीजे का फोड़ा सिर
दारौंदा के भिखारीपुर में एक बरात में फायरिंग हुई, जिसमें दूल्हे के मामा सिद्धेश्वर भारती को गोली लगी और भतीजे ...और पढ़ें

बरात में हुई फायरिंग से दूल्हे का मामा घायल, बट से मारकर भतीजे का फोड़ा सिर (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, दारौंदा (सिवान)। थाना क्षेत्र के रुकुंदीपुर पंचायत अंतर्गत भिखारीपुर के भरोस कुंवर के टोला में मंगलवार की रात आई बरात में बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली दूल्हे के मामा सिद्धेश्वर भारती के सीने में लगी, जबकि बदमाशों ने सिद्धेश्वर सिंह के भतीजा को कट्टा के बट से प्रहार कर सिर फोड़ दिया।
दोनों घायलों को उपचार के लिए महाराजगंज अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से चिकित्सक द्वारा दूल्हे के मामा को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया तथा सदर अस्पताल से गोरखपुर रेफर कर दिया गया। जबकि उनके भतीजे का प्राथमिक उपचार कर घर भेज दिया गया।
बताया जाता है कि भिखारीपुर के भरोस कुंवर में मंगलवार की रात धर्मेंद्र गिरि के यहां सारण के एकमा थाना क्षेत्र के गोदना गांव से बरात आई थी। दरवाजे पर बरात लगने की रस्म चल रही थी, तभी अचानक फायरिंग हुई। गोली दूल्हे के मामा सिसवन थाना क्षेत्र के घुरघाट निवासी सिद्धेश्वर भारती के सीने में लगी जिससे वे घायल हो गए।
वहीं, बदमाशों ने सिद्धेश्वर भारती के भतीजे का बट से प्रहार कर सिर फोड़ दिया। दोनों घायलों को उपचार के लिए महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार कर सिद्धेश्वर भारती को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया तथा सदर अस्पताल से गोरखपुर रेफर कर दिया गया। वहीं उनके भतीजे को अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
स्वजनों के अनुसार, गोली सीने में फंसी है जिसे निकालने के लिए आपरेशन किया गया। समाचार प्रेषण तक भतीजे के नाम का पता नहीं चल पाया है। इस घटना के बाद अफरातफरी का माहौल कायम हो गया एवं स्वजनों में चीख पुकार मच गई।
थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने कहा कि इस मामले में अभी तक आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।
घटना के बाद दूल्हे पक्ष ने किया शादी से इनकार:
वहीं, फायरिंग की घटना के बाद दूल्हे पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया। शादी समारोह में खुशी की जगह मातम जैसा माहौल कायम हो गया। दोनों पक्षों के बीच काफी देर रात तक मान-मनौव्वल और बातचीत का दौर चलता रहा। रिश्तेदारों और ग्रामीणों के समझाने-बुझाने, सामाजिक पहल और आपसी समझदारी से विवाह संपन्न कराया गया।
एफएसएल टीम ने की घटना की जांच
फायरिंग की घटना के बाद थानाध्यक्ष ने घटना की सूचना एफएसएल टीम को दी। बुधवार को एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से जांच-पड़ताल की। टीम ने जमीन से खून के नमूने, गोली के खोखे एवं अन्य संदिग्ध वस्तुएं एकत्रित की।
फायरिंग की दिशा, दूरी और कोण का आकलन किया गया, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि गोली किस परिस्थिति में और किस स्थान से चलाई गई है। एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए।
विशेषज्ञों ने आसपास की दीवारों, दरवाजे और संभावित निशानों की भी पड़ताल की। वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान और घटना की सटीक कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं पुलिस भी अपने स्तर से घटना की जांच कर रही है।
