विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जर्जर तार नहीं बदलने पर भड़का आक्रोश, स‍िवान में लाइनमैन को ब‍िजली के पोल में बांधा

Published: Wed, 30 Sep 2026 12:20 PM (IST)

सिसवन के गयासपुर गांव में जर्जर बिजली के तार न बदलने से नाराज ग्रामीणों ने लाइनमैन सोनू बैठा को बिजली ...और पढ़ें

HighLights

  1. सिसवन के गयासपुर गांव में जर्जर तार से आक्रोश।

  2. ग्रामीणों ने बिजली लाइनमैन को पोल से बांधा।

  3. विभाग पर लापरवाही का आरोप, हादसे की आशंका।

संवाद सूत्र, सिसवन (सिवान)। गयासपुर गांव में जर्जर बिजली के तार को नहीं बदले जाने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को जमकर आक्रोश जताया।

समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज लोगों ने बिजली विभाग के लाइनमैन सोनू बैठा को कथित रूप से बंधक बना लिया। 

ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर तार को बदलने के लिए बिजली विभाग को कई बार सूचना दी गई, लेकिन इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे ग्रामीणों में कभी भी हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों ने कहा-हादसे का इंतजार कर रहा विभाग 

ग्रामीणों ने लाइनमैन को रस्सी के सहारे बिजली के पोल से बांध दिया। इसका फोटो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना के दौरान अभय यादव, आजाद खान, शेख रहमत, विक्कू, सिकंदर अली और अनवर अली सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।

ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर तार लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ है। इसकी जानकारी कई बार बिजली विभाग के कर्मियों को दी गई, लेकिन तार नहीं बदला गया।

ग्रामीणों ने कहा कि तार के कारण कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विभागीय स्तर पर मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। 

जेई ने नहीं दिया जवाब 

घटना के संबंध में बिजली विभाग के जेई अवधेश कुमार से फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। उन्होंने फोन उठाया, लेकिन कुछ देर बाद कॉल काट द‍िया। 

ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल जर्जर तार बदलने और क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग की है।इस संबंध में थानाध्यक्ष राजु कुमार ने बताया कि बिजली विभाग किसी अन्य लोगों के द्वारा मामले की जानकारी नहीं दी गई है, हमें मामले की जानकारी नहीं है।