सिवान की सिमरन चीन में दिखाएंगी रग्बी का दम, चैंपियनशिप के लिए टीम इंडिया में सिलेक्शन
सिवान की रग्बी खिलाड़ी सिमरन परवीन का चयन चीन में होने वाली एशियन अंडर 18 सेवेन्स रग्बी फुटबॉल चैंपियनशिप के ...और पढ़ें

सिवान की बेटी सिमरन परवीन चीन में करेंगी भारत का रग्बी में प्रतिनिधित्व
HighLights
सिमरन परवीन का भारतीय रग्बी टीम में चयन।
चीन में एशियन अंडर 18 चैंपियनशिप में खेलेंगी सिमरन।
सिवान की पहली खिलाड़ी जो भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
संवाद सूत्र, मैरवा (सिवान)। जिले की रग्बी खिलाड़ी सिमरन परवीन अब चीन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनका चयन चीन के किंगदाओ में पांच से सात सितंबर तक आयोजित होने वाली एशियन अंडर 18 सेवेन्स रग्बी फुटबाल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है।
सिमरन दरौली प्रखंड के करोम गांव निवासी अफरोजा अंसारी और इस्लाम अंसारी की पुत्री हैं। वह रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स एकेडमी की खिलाड़ी हैं और वर्तमान में पटना जिले के बाढ़ में विशेष प्रशिक्षण ले रही हैं।
एकेडमी के संचालक संजय पाठक ने बताया कि सिमरन परवीन जिले की पहली खिलाड़ी हैं, जिनका चयन राष्ट्रीय टीम में हुआ है। उनके चीन जाकर एशियन चैंपियनशिप में खेलने से जिले के अन्य रग्बी खिलाड़ियों में भी उत्साह है।
गौर करने वाली बात है कि सिमरन का चयन हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर भारतीय टीम के प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ था। भुवनेश्वर स्थित कीट विश्वविद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण शिविर के बाद उन्होंने 13 से 17 अगस्त तक थाईलैंड में अभ्यास मैचों में हिस्सा लिया।
वहां बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उन्हें भारतीय टीम में स्थान मिला। उनकी सफलता में बाढ़ खेल मैदान के रग्बी प्रशिक्षक, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और बिहार राज्य रग्बी फुटबॉल संघ के सचिव पंकज ज्योति का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
सिमरन के चयन पर जिला रग्बी फुटबाल संघ के सचिव संतोष कुमार सिंह, आइएमए पदाधिकारियों, एकेडमी के खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
