सिवान में पुलिस फेरबदल: कृष्ण कुमार बने यातायात DSP, प्रांजल को सदर SDPO की कमान
बिहार सरकार के गृह विभाग ने सिवान में पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं। कृष्ण कुमार को यातायात डीएसपी और ...और पढ़ें

सिवान में पुलिस फेरबदल: कृष्ण कुमार बने यातायात DSP, प्रांजल को सदर SDPO की कमान
HighLights
गृह विभाग ने सिवान में पुलिस अधिकारियों का तबादला किया।
कृष्ण कुमार को यातायात पुलिस उपाधीक्षक की जिम्मेदारी मिली।
प्रांजल सिवान सदर के नए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बने।
जागरण संवाददाता, सिवान। बिहार सरकार के गृह विभाग ने पुलिस महकमे में फेरबदल करते हुए पदाधिकारियों के तबादले और पदस्थापन की अधिसूचना जारी की है। 11 अक्टूबर को जारी आदेश के तहत जिले में दो पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसमें कृष्ण कुमार को यातायात पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) बनाया गया है, जबकि प्रांजल को सिवान सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) की जिम्मेदारी दी गई है। दोनों अधिकारियों की नई तैनाती से जिले में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाने की उम्मीद है।
गृह विभाग की अधिसूचना के अनुसार, कृष्ण कुमार इससे पहले बिहार पुलिस की विशेष शाखा, पटना में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें जिले में यातायात डीएसपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उनके सामने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, प्रमुख चौक-चौराहों पर जाम की समस्या से निपटने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की चुनौती होगी।
वहीं, प्रांजल इससे पहले अपराध अनुसंधान विभाग, बिहार, पटना में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर तैनात थे। उन्हें सिवान सदर का एसडीपीओ बनाया गया है। नई जिम्मेदारी के तहत उन्हें अनुमंडल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को प्रभावी बनाने की दिशा में काम करना होगा।
गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी स्तर के अधिकारियों के स्थानांतरण एवं पदस्थापन का उल्लेख है।
आदेश के अनुसार, सभी संबंधित अधिकारियों को अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देना होगा। जिले में दोनों अधिकारियों की तैनाती से यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।
