विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कृष्ण जन्माष्टमी पर आर्केस्ट्रा और डीजे बजाने पर एक्शन, सिवान में 40 के खिलाफ FIR 

Published: Sun, 06 Sep 2026 03:45 PM (IST)

कृष्ण जन्माष्टमी पर सिवान में डीजे और आर्केस्ट्रा पर प्रतिबंध के बावजूद संचालन करने पर भगवानपुर हाट पुलिस ने 30-40 ...और पढ़ें

डीजे। फाइल फोटो

डीजे। फाइल फोटो

HighLights

  1. कृष्ण जन्माष्टमी पर डीजे-आर्केस्ट्रा संचालन पर प्रतिबंध का उल्लंघन।

  2. भगवानपुर हाट पुलिस ने 30-40 लोगों पर दर्ज की FIR।

  3. छह नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी।

जागरण संवाददाता, सिवान। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर प्रशासनिक प्रतिबंध के बावजूद आर्केस्ट्रा और डीजे का संचालन कराने के मामले में भगवानपुर हाट थाना की पुलिस ने 30-40 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी की है।

इसमें छह लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस संबंध में एसपी भारत सोनी ने बताया कि चार सितंबर को कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने आर्केस्ट्रा व डीजे के संचालन पर रोक लगाई थी।

इसके बावजूद थाना क्षेत्र के सुधरी गांव और साधर सुल्तानपुर गांव में आयोजित मटका फोड़ कार्यक्रम के दौरान प्रतिबंधित आर्केस्ट्रा व डीजे का संचालन कराया गया।

सुधरी गांव में कार्यक्रम के दौरान आयोजक व अन्य लोगों के सहयोग से आर्केस्ट्रा और डीजे बजाया जा रहा था। करीब 15-20 अज्ञात लोगों के सहयोग से काफी तेज आवाज में प्रतिबंधित व अश्लील गानों का प्रसारण किया गया। पुलिस द्वारा बार-बार बंद करने का निर्देश दिए जाने के बावजूद संचालन जारी रखा गया।

इसी प्रकार साधर सुल्तानपुर में भी प्रशासनिक निर्देश की अनदेखी कर डीजे व आर्केस्ट्रा बजाया गया। पुलिस ने कई बार समझाकर कार्यक्रम बंद कराने का निर्देश दिया, लेकिन संबंधित लोगों ने आदेश का पालन नहीं किया।

भगवानपुर हाट थानाध्यक्ष ने दोनों मामलों में आयोजकों, डीजे संचालकों समेत करीब 30-40 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है।