विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिवान में घर के अंदर छप रहे थे 100, 200 और 500 के नकली नोट; पति-पत्नी सहित 3 गिरफ्तार

Published: Sun, 12 Jul 2026 02:03 AM (IST)

सिवान के पंडितपुरा गांव में पुलिस ने छापेमारी कर 5.45 लाख रुपये के जाली नोट, नकदी और उपकरण जब्त किए, जिसमें एक महिला और उसके भाई को गिरफ्तार किया गया।

जब्त मशीन और नकली नोट। (जागरण)

जब्त मशीन और नकली नोट। (जागरण)

HighLights

  1. सिवान में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले ठिकाने पर छापा मारा।

  2. 5.45 लाख रुपये के जाली नोट और प्रिंटिंग उपकरण जब्त किए गए।

  3. एक महिला और उसके भाई को गिरफ्तार किया, जांच जारी है।

जागरण टीम, सिवान। सिवान के मैरवा थाना क्षेत्र के पंडितपुरा गांव स्थित एक मकान में शुक्रवार की देर रात पुलिस ने छापेमारी कर सौ, दो सौ और पांच सौ रुपये छपे, 5.45 लाख जाली भारतीय नोट के साथ 88 हजार नकद, प्रिंटर मशीन, बांड पेपर, इंक व उपकरण जब्त की।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक महिला और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया। महिला से शनिवार की देर शाम तक पूछताछ की गई।

पूछताछ के आधार पर पुलिस नकली नोट के धंधे में जुड़े नेटवर्क को दबोचने के लिए संभावित स्थानों पर लगातार छापेमारी में जुटी थी।

बरामद जाली नोट एवं अन्य जब्त सामग्री का विधि विज्ञान टीम व लीड बैंक मैनेजर द्वारा सत्यापन कराया गया। जहां नोटों के जाली होने की पुष्टि हुई।

पुलिस जानकारी जुटा रही है कि नकली नोट का यह धंधा जिला, अंतरराज्यीय या इसके तार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तक जुड़े हैं।

एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि मैरवा थाना क्षेत्र के पंडितपुरा गांव में नकली नोट तैयार करने का अवैध धंधा संचालित किए जाने की सूचना शुक्रवार को मिली।

इसके बाद एसडीपीओ टू व थानाध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में देर रात विशेष टीम के साथ छापेमारी की। जिस मकान में छापेमारी हुई वहां पुलिस के आने की भनक पाकर धंधे से जुड़े लोग फरार हो गए।

मौके से पुलिस ने एक महिला विमला देवी व उसके भाई मनू दुबे को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद कमरों की तलाशी ली गई तो वहां पांच सौ और सौ रुपये के जैसे कागजों के कई बंडल मिले।

महिला का है आपराधिक इतिहास

पकड़ी गई महिला का पूर्व का भी आपराधिक इतिहास रहा है। इस धंधे में महिला, उसका भाई व पति संलिप्त रहे हैं। महिला का भाई घर पर ही नोटों को छापने का और उसका पति नकली नोट को खपाने की रेकी करता था।

पूछताछ में महिला ने बताया है कि गोपालगंज, छपरा, मैरवा के बार्डर से यूपी के स्थानीय जिलों में और अन्य जगह भी सप्लाई होती थी। महिला का भाई छोटी मोटी चोरी की घटनाओं में भी संलिप्त रहा है।

विदित हो कि जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के बलथरा गांव से 2016 में करीब 4 लाख 55 हजार जाली नोट जब्त किए थे। गिरोह के तार यूपी, पश्चिम बंगाल, झारखंड आदि राज्यों के अलावा पड़ोसी देश नेपाल तक फैले होने की जानकारी सामने आई थी।

इसके बाद 2021 में बसंतपुर थाना क्षेत्र के खोरीपाकर बाजार से एक युवक के पास से जाली नोट बरामद किए गए थे। इन नोटों में कई के सीरियल नंबर एक ही मिले थे। उस समय पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने बताया था कि उसे किसी ने आधी कीमत पर इन नोटों को दिया था।

यह भी पढ़ें- पटना में साइबर ठगों की शातिर चाल, फोन से निकल कर रहे घर की रेकी