सिवान में जितिया स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा, पोखर में डूबने से 3 किशोरियों की गई जान
सिवान के सिसवन प्रखंड में जीवित्पुत्रिका व्रत के दौरान रामपुर-बगही पोखरा में स्नान करते समय तीन किशोरियों की डूबने से ...और पढ़ें

सिवान में पोखर में डूबने से तीन बच्चियों की मौत। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
सिवान में जीवित्पुत्रिका व्रत के दौरान हादसा।
रामपुर-बगही पोखरा में तीन किशोरियां डूबीं।
परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार।
संवाद सूत्र, सिसवन (सिवान)। सिवान के सिसवन प्रखंड के रामपुर-बगही पोखरा में शनिवार की संध्या जीवित्पुत्रिका व्रत स्नान के दौरान तालाब में डूबने से तीन लड़कियों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान रामपुर गांव निवासी कमलेश साह की पुत्री अंशु कुमारी (15), राजू साह की पुत्री अंजली कुमारी (12) तथा मनोज पंडित की पुत्री अनीशा कुमारी (13) के रूप में हुई है।
पोस्टमार्टम को तैयार नहीं स्वजन
घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। वहीं सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ सीओ मौके पर पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए स्वजन से बातचीत में जुट गए। सूचना प्रेषण तक स्वजन पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं थे।
जीवित्पुत्रिका व्रत को लेकर गांव की महिलाएं और लड़कियां शनिवार को रामपुर-बगही पोखरा में स्नान करने के लिए गई थीं। सभी पोखर में स्नान कर रही थीं।
नहाते-नहाते तीनों लड़कियाें को पानी की गहराई का पता नहीं चला और वे पोखर के गहरे हिस्से में चली गईं। तीनों डूबने लगी। यह देखकर किनारे खड़े लोगों ने शोर मचाया।
मशक्कत कर ग्रामीणों ने निकाला शव
आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी होने पर उन्होंने तत्काल बचाव का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों लड़कियों को पोखरे से बाहर निकाला।
लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्वजन के बीच चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
पर्व के दिन तीन परिवारों में मातम पसर गया। गांव के लोग भी घटना से काफी मर्माहत हैं।
