विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सिवान में आभूषण लूट के दौरान गोली व चाकू से जख्मी दुकानदार की मौत, यूपी में तोड़ा दम; देर रात घटनास्थल पहुंचे एसपी

Published: Wed, 09 Sep 2026 10:10 AM (IST)

सिवान के दरौली थाना क्षेत्र में आभूषण दुकान में लूट के दौरान गोली और चाकू लगने से गंभीर रूप से ...और पढ़ें

घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी भारत सोनी। जागरण

घटनास्थल का निरीक्षण करते एसपी भारत सोनी। जागरण

HighLights

  1. सिवान में आभूषण दुकान में लूट के दौरान व्यवसायी घायल।

  2. गोली व चाकू लगने से घायल व्यवसायी की गोरखपुर में मौत।

  3. एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर SIT जांच के दिए निर्देश।

जागरण संवाददाता, सिवान। दरौली थाना क्षेत्र के टड़वा चट्टी बाजार में मंगलवार को आभूषण दुकान में लूट के दौरान गोली व चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल व्यवसायी की गोरखपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मंगलवार दोपहर हथियारों से लैस अपराधी आभूषण दुकान में लूट की नीयत से पहुंचे थे। अपराधियों ने दुकान में घुसकर लूटपाट शुरू कर दी। व्यवसायी ने इसका विरोध करते हुए दो बदमाश को पकड़ लिया। इसी दौरान दूसरे अपराधी ने उन्हें गोली व चाकू मार दी।

अपराधियों से भिड़े तो मार दी गोली 

गोली लगने के बावजूद व्यवसायी ने हिम्मत नहीं हारी और बदमाशों से भिड़ते रहे। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दो अपराधियों को पकड़ लिया। बाद में दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को पहले दरौली पीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

स्वजन उन्हें उत्तर प्रदेश के देवरिया ले गए, उसके बाद गोरखपुर ले गए। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोखा भी बरामद किया है।

एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

इधर घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने मंगलवार की देर रात घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने मौके पर पहुंचकर घटना की स्थिति का जायजा लिया। 

एसपी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए वहां मौजूद साक्ष्यों और आसपास की परिस्थितियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों से घटना के कारण, घटनाक्रम और अब तक सामने आए तथ्यों के संबंध में पूछताछ की।

एसआईटी को सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने फरार आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के साथ ही उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी करने को कहा।  

एसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि घटना में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाए। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया है। 

यह भी पढ़ें- सिवान में दिनदहाड़े ज्वेलर्स को दुकान में घुसकर मारी गोली, भाग रहे चार में से दो अपराधी दबोचे गए