विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

च‍िराग पासवान की पार्टी के विधायक पर रंगदारी की FIR, 50 लाख मांगने का आरोप; विधायक प्रतिनिधि समेत दो गिरफ्तार

Published: Tue, 06 Oct 2026 06:55 PM (GMT+05:30)

आंदर (सिवान) में लोजपा आर के दरौली विधायक विष्णु देव पासवान समेत चार लोगों पर रंगदारी मांगने और निर्माण कार्य रोकने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।

च‍िराग पासवान की पार्टी के व‍िधायक पर एफआईआर।

च‍िराग पासवान की पार्टी के व‍िधायक पर एफआईआर।

HighLights

  1. दरौली विधायक विष्णु देव पासवान पर रंगदारी मांगने का आरोप।

  2. आंदर प्रखंड कार्यालय निर्माण रोकने, 50 लाख मांगने की एफआईआर।

  3. विधायक प्रतिनिधि समेत दो गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए।

संवाद सूत्र, आंदर (सिवान)। केंद्रीय मंत्री च‍िराग पासवान की पार्टी लोजपा आर (LJP-R) के दरौली विधायक विष्णु देव पासवान समेत चार लोगों पर स्थानीय पुलिस ने रंगदारी की एफआईआर की है। 

आंदर प्रखंड कार्यालय सह अंचल कार्यालय के निर्माण कार्य को बंद कराने और 50 लाख रुपये रंगदारी मांगने के आरोप में यह मामला दर्ज क‍िया गया है।

यह प्राथमिकी निर्माण एजेंसी से जुड़े ठेकेदार विवेक कुमार सिंह के आवेदन पर हुई है। पुलिस ने प्राथमिकी के बाद त्वरित कार्रवाई की।

व‍िधायक प्रत‍िन‍िध समेत दो ग‍िरफ्तार, भेजे गए जेल

विधायक प्रतिनिधि अमित कुमार पासवान और समर्थक भवराजपुर निवासी साहेब हुसैन को गिरफ्तार कर न्‍याय‍िक ह‍िरासत में भेज दिया है।

विधायक का नाम प्राथमिकी में आने के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अनुसंधान के क्रम में यह देखेगी कि विधायक की संलिप्तता इस कांड में है या नहीं।

आंदर थाने में दिए आवेदन में दरौली विधायक विष्णुदेव पासवान पर भी निर्माण कार्य के भुगतान को लेकर दबाव बनाने और परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

ठेकेदार ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि पांच अक्टूबर को अमित कुमार पासवान और साहेब हुसैन निर्माण स्थल पर पहुंचे और 50 लाख रुपये की मांग की।

रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी का आरोप 

रकम नहीं देने पर काम बंद करने तथा जान से मारने की धमकी दी गई। बाद में फोन कर कुछ अन्य लोगों को भी बुलाया गया। आरोप है कि मौके पर ठेकेदार को घेरकर हथियार दिखाते हुए डराया गया।

घटना की सूचना डायल-112 को दी गई। पुलिस के पहुंचने पर कुछ लोग वहां से निकल गए, जबकि दोनों आरोपितों को पुलिस थाने ले आई।

ठेकेदार ने पूर्व में दो बार हमले की बात भी आवेदन में कही है। इस संबंध में आंदर थाने में पूर्व से मामला दर्ज होने की बात कही गई है।

एसडीपीओ ने कहा-की जा रही जांच 

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि विधायक विष्णु देव पासवान के समक्ष भी निर्माण कार्य के भुगतान को लेकर दबाव बनाया गया।

परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। मैरवा एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने दरौली विधायक पर प्राथमिकी दर्ज होने और दो की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।