आज से बंद हो जाएगा जीरादेई रिसीविग सेंटर : डीएम
जीरादेई महेंद्र हाई स्कूल में प्रवासी कामगारों के लिए बनाए गए रिसीविग सेंटर को मंगलवार से बंद कर दिया जाएगा। यहां से अब प्रवासियों को ले जाने का कार्य नहीं होगा।
सिवान । जीरादेई महेंद्र हाई स्कूल में प्रवासी कामगारों के लिए बनाए गए रिसीविग सेंटर को मंगलवार से बंद कर दिया जाएगा। यहां से अब प्रवासियों को ले जाने का कार्य नहीं होगा। जिलाधिकारी अमित कुमार पांडेय ने बताया कि अब प्रवासी कामगारों के आने की सिलसिला कम हो गया है। मुश्किल से सौ और दो सौ की संख्या में प्रवासी पहुंच रहे हैं जिन्हें उनके गृह जिला पहुंचाने के लिए बसें पर्याप्त संख्या में उपलब्ध हैं। यहां बने क्वारंटाइन सेंटर को 15 जून तक संचालित किया जाएगा, इसके बाद राज्य सरकार से प्राप्त निर्देश के आधार पर फैसला होगा। डीएम ने यह भी बताया कि शहर में ऑटो रिक्शा का परिचालन अब सामान्य कर दिया जाएगा। ऑटो रिक्शा के परिचालन के लिए कोई भी ऑड-ईवन सिस्टम लागू नहीं होगा। लोगों को मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना मास्क के निकलने पर लोगों को दंडित किया जाएगा।
15 जून से स्कूलों में नहीं संचालित होंगे क्वारंटाइन सेंटर
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिले में बनाए गए सभी क्वारंटाइन सेंटरों को 15 जून के बाद बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद अगले 15 दिनों के लिए विशेष सैनिटाइजेशन का काम जिले के सभी स्कूलों में चलेगा। इसके बाद जुलाई महीने में राज्य सरकार से प्राप्त निर्देश के आधार पर स्कूल संचालन की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा।
मंदिरों व मस्जिदों को भी आठ जून से खोल दिया जाएगा
मंदिरों को भी लॉक-ऑन के तहत खोला जाएगा। यहां पांच लोगों से ज्यादा के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक रहेगी। यहां हमारी धावा दल निगरानी करेगी।
शहर में बनेंगे जीविका के स्टॉल
डीएम ने बताया कि जिले में मास्क को हर व्यक्ति को लगाने के लिए अनिवार्य किया गया है। इसके लिए शहर में हर चौक चौराहे पर स्टॉल रहेगा, यहां से मास्क की बिक्री की जाएगी।