लापता व्यक्ति की हत्या कर शव को घर में छिपाया, एक गिरफ्तार
सिवान। स्थानीय पुलिस ने थाना क्षेत्र के अंगौता गांव से 14 मार्च को लापता हुए रामजन्म राम के शव को ग
सिवान। स्थानीय पुलिस ने थाना क्षेत्र के अंगौता गांव से 14 मार्च को लापता हुए रामजन्म राम के शव को गांव के ही मनोज यादव के घर से रविवार की देर रात बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में मृतक के शव को कब्जे में लेते हुए मनोज की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार की सुबह कागजी कार्रवाई करने के बाद रामजन्म के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। रामजन्म की पत्नी ने उसके लापता होने का आवेदन 16 मार्च दिया था। थानाध्यक्ष आरके मंडल ने बताया कि रामजन्म की पत्नी रीना देवी के आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मनोज यादव के घर छापामारी की जहां से भनक मिलने पर घर के अंदर गड्ढे से रामजन्म राम का शव बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही मनोज यादव की पत्नी सिधु देवी को गिरफ्तार कर लिया जबकि मनोज यादव भागने में सफल रहा। थानाध्यक्ष ने बताया कि रामजन्म राम का मनोज यादव से पैसे का लेनदेन था और उसकी पत्नी से अवैध संबंध था। इसी कारण मनोज यादव ने रामजन्म राम की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए उसके शव को घर के अंदर गड्ढा खोदकर गाड़ दिया था। ज्ञात हो कि अंगौता निवासी रामजन्म राम की पत्नी रीना देवी ने 16 मार्च को शिकायत की थी कि उनका पति रामजन्म 14 मार्च की रात किसी समारोह में न्योता के लिए गए थे लेकिन अगले दिन सुबह तक घर नहीं पहुंचे तो परिजन को इसकी चिता हुई। खोजबीन करने के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला तो उनकी पत्नी ने स्थानीय थाने में पति के अपहरण और अनहोनी की आशंका जताते हुए अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी शुरू कर दी। इस दौरान मनोज यादव के घर से उसके शव को बरामद किया। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल :
अंगौता निवासी रामजन्म राम की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं आसपास की महिलाएं परिजनों को सांत्वना दे रहे थे। ज्ञात हो कि रामजन्म महतो के दो पुत्र तथा एक पुत्री है जो सभी नाबालिग हैं। वह मेहनत मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाते थे।