वि--सीएम कर रहे बिहार में विकास के खोखले दावे : चिराग
बिहार में वर्तमान सरकार द्वारा जो विकास के दावे किए जा रहे हैं वे खोखले साबित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रधानमंत्री से कह रहे हैं कि बिहार में काफी विकास हुआ है। गली नली दुरुस्त हो गई घर-घर नल का जल पहुंचा दिया गया है रोजगार की संभावनाएं बढ़ गई हैं।
सिवान । बिहार में वर्तमान सरकार द्वारा जो विकास के दावे किए जा रहे हैं, वे खोखले साबित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रधानमंत्री से कह रहे हैं कि बिहार में काफी विकास हुआ है। गली नली दुरुस्त हो गई, घर-घर नल का जल पहुंचा दिया गया है, रोजगार की संभावनाएं बढ़ गई हैं। लोगों में सरकार की वाहवाही हो रही है। इसके विपरीत मुख्यमंत्री नीतीश प्रधानमंत्री को झूठी बात बोलकर धोखा दे रहे हैं। धरातल पर देखा जाए तो यहां लूट की छूट मची हुई है। कहीं काम पूरा नहीं किया गया है। प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था चौपट हो गई है। यह बातें सांसद सह लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने पचरुखी प्रखंड के बड़कागांव हाई स्कूल खेल मैदान में बड़हरिया विधानसभा क्षेत्र के लोजपा प्रत्याशी वीरबहादुर सिंह, हुसैनगंज के फरीदपुर में रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के लोजपा प्रत्याशी मनोज कुमार सिंह, भगवानपुर कॉलेज परिसर में महाराजगंज के लोजपा प्रत्याशी डॉ. कुमार देवरंजन सिंह तथा नौतन के चंद्रशेखर सिंह रामप्रसिद्ध सिंह महाविद्यालय में जीरादेई विधानसभा क्षेत्र के लोजपा प्रत्याशी विनोद तिवारी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी मिटाने का कोई काम नहीं किया गया। 15 साल का मौका मिलने के बावजूद कोई कल कारखाने चालू नहीं किए ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा था कि बिहार से पलायन रोक दूंगा, लेकिन आज तक बिहारी मजदूरों का पलायन नहीं रुक सका। ट्रेन में ठूंस-ठूंस कर लोग अन्य प्रदेशों में जाने को विवश हैं। प्रदेश में शराबबंदी पूर्णत: फेल है। यहां कोई ऐसी जगह नहीं है, जहां शराब न बिक रही हो। लॉकडाउन में दूसरे राज्यों में फंसे बदहाली की जिदगी जी रहे मजदूरों को अपने प्रांत लौटने पर नीतीश कुमार ने रोक लगा दी थी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनती है तो इस योजना की जांच कराई जाएगी एवं राज्य में रोजगार पैदा किया जाएगा। बिहार में सिर्फ एक जात है, जिसका नाम है गरीबी। मैं उसे दूर करने का काम करूंगा। हुसैनगंज के फरीदपुर में लोजपा प्रत्याशी मनोज कुमार सिंह, प्रखंड प्रमुख राजाराम साह, जिला पार्षद सुशीला देवी, शेर खां, राजबली, शर्मानंद राम, भगवानपुर में लोजपा प्रत्याशी डॉ. कुमार देवरंजन सिंह, नौतन में लोजपा प्रत्याशी विनोद तिवारी उपस्थित थे।