विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पति को RJD का टिकट मिला तो JDU ने पत्नी पर की कार्रवाई, सिवान की जिला परिषद अध्यक्ष 6 साल के लिए निष्कासित

Published: Sat, 19 Sep 2026 04:55 PM (IST)

जदयू ने सिवान जिला परिषद अध्यक्ष संगीता यादव को पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में छह साल के ...और पढ़ें

स‍िवान की ज‍िला परिषद अध्‍यक्ष संगीता देवी पत‍ि प्रो. जयराम यादव के साथ। फाइल

स‍िवान की ज‍िला परिषद अध्‍यक्ष संगीता देवी पत‍ि प्रो. जयराम यादव के साथ। फाइल

जागरण संवाददाता, सिवान। जदयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में सिवान जिला परिषद अध्यक्ष एवं पार्टी की प्रदेश सचिव संगीता यादव के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।

प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से मुक्त करते हुए छह वर्षों के लिए जदयू से निष्कासित कर दिया गया है। प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी शंभू कुशवाहा ने 18 सितंबर को इस संबंध में पत्र जारी किया है।

पति को राजद का टिकट मिलने के बाद बढ़ी थी चर्चा

संगीता यादव के पति एवं शिक्षक नेता प्रो. जयराम यादव को राजद ने सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद चुनाव के लिए अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है।

राजद ने सितंबर में उनके नाम की घोषणा की थी। प्रत्याशी घोषित होने के बाद जब प्रो. जयराम यादव सिवान स्थित अपने आवास पहुंचे, तो संगीता यादव ने आरती उतारकर उनका स्वागत किया था।

इस घटना के बाद से ही जदयू में इसको लेकर कार्रवाई की चर्चा शुरू हो गई थी। हालांकि, जदयू की ओर से जारी निष्कासन पत्र में कार्रवाई का आधार ‘पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता’ बताया गया है।

लंबे समय से जदयू से जुड़ी रही हैं संगीता यादव

संगीता यादव लंबे समय से जदयू से जुड़ी रही हैं। वह पार्टी में प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी संभालने के साथ सिवान जिला परिषद की अध्यक्ष भी रही हैं। वह लगातार दूसरी बार जिला परिषद अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं।

अब छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासन के बाद सिवान की स्थानीय राजनीति में इस कार्रवाई के राजनीतिक प्रभाव को लेकर चर्चा तेज हो गई है।