जान लेने की नीयत से दरवाज तोड़ घर में घुस गए बदमाश, दो भाइयों को किया लहूलुहान Siwan News
सिवान में शुक्रवार की सुबह घर में घुसकर दो भाइयों के ऊपर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। वारदात को अंजाम देकर अपराधी फरार हो गए हैं।
सिवान, जेएनएन। जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। दरौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे घर में घुसकर सगे भाइयों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। लहूलुहान होने के बाद दोनों को मरणासन्न अवस्था में छोड़कर बदमाश फरार हो गए।
चीफ-पुकार की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने दोनों को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। जहां भाइयों की हालत गंभीर देखकर उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया गया। सूचना पर दरौली थाने की पुलिस जांच के लिए पहुंच गई है।
घायलों की पहचान अमरेश सिंह और हरिकेश सिंह के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम उस वक्त दिया गया जब दोनों सोई अवस्था में थे। उनपर धारदार हथियार से वार किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अपराधी घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे थे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वारदात को आपसी विवाद की वजह से अंजाम दिया गया है। दोनों भाइयों का किसी से झगड़ा होने की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।