बिहार में इंटर, मौलवी और फोकानिया के छात्रों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि; पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन जरूरी
सिवान में मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत इंटर/मौलवी और फोकानिया उत्तीर्ण छात्रों को लाभ देने की प्रक्रिया तेज की ...और पढ़ें

आईएनओ का पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य, तभी मिलेगा विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना का लाभ (AI Generated Image)
HighLights
मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत लाभ की प्रक्रिया तेज।
संस्थानों के आईएनओ का पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य किया गया।
पंजीकरण के बिना इंटर/मौलवी व फोकानिया छात्रों को लाभ नहीं।
जागरण संवाददाता, सिवान। मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में इंटर/मौलवी उत्तीर्ण छात्राओं तथा फोकानिया उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने संबंधित विद्यालयों, संस्थानों और मदरसों को आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने का निर्देश दिया है।
योजना के तहत लाभुकों के आवेदन का संस्थान स्तर पर सत्यापन और अग्रसारण किया जाना है। इसके लिए संस्थान के आईएनओ (इंस्टिट्यूट नोडल ऑफिसर) का पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य किया गया है।
इस संबंध में जिला अल्पसंख्यक कल्याण के उप निदेशक उपेंद्र कुमार यादव ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र भेजकर सभी संबंधित संस्थानों के आईएनओ का पोर्टल पर पंजीकरण कराने के लिए आवश्यक निर्देश देने का अनुरोध किया है।
विभाग के अनुसार, एनआईसी द्वारा विकसित पोर्टल के माध्यम से योजना का लाभ दिया जाएगा। पोर्टल पर आवेदन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए आईएनओ का पंजीकरण जरूरी है।
पूर्व में जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में संबंधित विद्यालयों, संस्थानों और मदरसों के साथ बैठक भी की गई थी, लेकिन कई संस्थानों के आईएनओ का पंजीकरण अब तक पूरा नहीं हुआ है।
एक सप्ताह में कार्यालय पहुंचना अनिवार्य
जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय ने संबंधित आईएनओ को एक सप्ताह के अंदर कार्यालय पहुंचकर पंजीकरण कराने का निर्देश दिया है। पंजीकरण के लिए संस्थान के लेटर पैड पर जारी ऑथराइजेशन लेटर, आधार कार्ड की छायाप्रति, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और संस्थान का यू-डायस नंबर साथ लाना होगा।
सत्यापन के बाद आईएनओ को यूजर आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराते हुए पोर्टल पर पंजीकरण किया जाएगा। पंजीकरण पूरा होने के बाद ही संस्थान अपने यहां के लाभुक विद्यार्थियों के आवेदनों का सत्यापन व अग्रसारण कर सकेंगे।
