ऑर्केस्ट्रा की डांसर को अगवा करने की कोशिश, विरोध करने पर संचालक के बेटे की गोली मारकर हत्या
हाेली पर भले ही प्रशासन लाख चौकसी की बात कहे पर अपराधियों को कोई फर्क नहीं पड़ता है। मामला सिवान का है। डांसर को अगवा करने की कोशिश की गई विरोध करने पर एक की हत्या कर दी गई।
सिवान, जेएनएन। हाेली पर भले ही प्रशासन लाख चौकसी की बात कहे, लेकिन अपराधियों को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। अपराधी लगातार घटना को अंजाम दे रहे हैं। अपराधियों का मन इतना बढ़ गया है कि वे अब बड़ी से बड़ी घटना को अंजाम दे रहे हैं। ऐसी ही एक मामला बिहार के सिवान जिले में हुआ है। सिवान के तरवारा के जगदीशपुर में आर्केस्ट्रा की एक डांसर को अगवा करने की कोशिश की गई। रोकने पर अपराधियों ने एक व्यक्ति की हत्या कर दी, एक अन्य को घायल कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सिवान के जीबी नगर थाना क्षेत्र स्थित जगदीशपुर गांव में अपराधियों ने रविवार की देर रात करीब दो बजे ऑर्केस्ट्रा के दौरान नर्तकी (डांसर) को अगवा करने की कोशिश की। इसका विरोध करने पर अपराधियों ने ऑर्केस्ट्रा संचालक के पुत्र तथा ऑर्केस्ट्रा में काम करने वाले एक व्यक्ति को गोली मार दी। इस घटना में ऑर्केस्ट्रा संचालक के पुत्र की मौत घटनास्थल हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद भगदड़ मच गई। आनन-फानन में ऑर्केस्ट्रा में काम करने वाले सदस्यों ने दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां ड्यूटी में तैनात डॉ. विजय कुमार ने एक को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के शरीर मे दो गोली लगी थी, जबकि घायल के शरीर में भी तीन गोली लगने की जानकारी दी गई है। बताया जाता है कि घायल व्यक्ति की स्थिति गंभीर बनी हुई है। इसे देखते हुए उसे पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया है। मृतक की शिनाख्त भगवानपुर थाना क्षेत्र के राजा कुमार के रूप में हुई, जबकि घायल भी इसी थाना क्षेत्र का प्रवीण कुमार सिंह है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि, इस संबंध में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।