प्रशासनिक विफलता उपद्रव का कारण : मंगल पांडे
सिवान। रामनवमी जुलूस पर पथराव और प्रशासन द्वारा निर्दोष लोगों पर प्राथमिकी करना सरकार की विफ
सिवान। रामनवमी जुलूस पर पथराव और प्रशासन द्वारा निर्दोष लोगों पर प्राथमिकी करना सरकार की विफलता का नतीजा है। यह बातें बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने प्रेस वार्ता के दौरान कही। मंगल पांडे ने रामनवमी जुलूस में लोगों पर पथराव को प्रशासनिक विफलता बताया। उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाया कि रामनवमी जुलूस को हल्के में आंका गया। बड़े पैमाने पर यहां पुलिस बल की तैनाती नहीं की गई थी। जिस कारण जुलूस पर पथराव किया गया। हैरानी की बात तो यह है कि इतने बड़े कांड के बाद पुलिस अब निर्दोष लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें फंसा रही है। उन्होंने बिहार सरकार को भी आड़े हाथों लेते हुए सरकार की नाकामी का नतीजा दो जिलों की घटना को बताया। श्री पांडेय ने कहा कि अगर प्रशासन पुलिस बल की तैनाती बड़े पैमाने पर करती तो ऐसे हालात कभी नहीं होते। इससे पहले भाजपा का एक शिष्टमंडल पूरे शहर में भ्रमण किया। इसमें प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। इस शिष्टमंडल ने शहर के सभी मोहल्ले का भ्रमण कर वहां के लोगों से मिल कर उनसे शांति बनाए रखने की अपील की। प्रेस वार्ता के दौरान सदर विधायक व्यासदेव प्रसाद, हाजीपुर विधायक अवधेश कुमार सिंह, छपरा विधायक एसएन गुप्ता, जिलाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह, पूर्व विधान पार्षद मनोज कुमार सिंह, सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।