विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतामढ़ी में जिला पार्षद पति की हत्या से भड़का आक्रोश: भीड़ ने आरोपियों के घर को जलाया, पुलिस को किया लहूलुहान

Published: Sat, 12 Sep 2026 11:52 AM (IST)

सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र में जिला पार्षद प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ...और पढ़ें

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम। फोटो जागरण

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम। फोटो जागरण

HighLights

  1. जिला पार्षद प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो की गोली मारकर हत्या।

  2. आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों के घर में आग लगाई, पथराव।

  3. पुलिस टीम पर पथराव में कई अधिकारी घायल, गाड़ियां क्षतिग्रस्त।

जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। डुमरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह टहलने निकले जिला परिषद क्षेत्र संख्या-13 की पार्षद खुशदिल देवी के पति सह प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

बाइक सवार चार अपराधियों ने पथरिया श्मशान घाट के पास उनपर ताबड़तोड़ गोलियां मारीं। करीब आठ गोलियां लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध जताया और बवाल काटा। आक्रोशित लोगों ने हत्या के आरोपित बताए जा रहे गांव के ही एजाज के घर में आग लगा दी।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 12 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी अमित रंजन और एसडीएम ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया।

पथराव में इंस्पेक्टर अनिल राम और ट्रैफिक थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार के सिर में चोट लगी। दोनों पुलिस अधिकारियों को उपचार के लिए भेजा गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने दो दरोगा को भी मौके से खदेड़ दिया।

इसके बाद पुलिस की कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। एसपी ने खुद के चोटिल होने की बात से इंकार किया है।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में शराब कारोबार के विरोध और शराब कारोबारी के खिलाफ शिकायत को लेकर उनका विवाद चल रहा था। इसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस और प्रशासन की टीम स्थिति सामान्य करने में जुटी है।

डुमरा थाना और समाहरणालय की बढ़ाई सुरक्षा, छह वाहन किए गए क्षतिग्रस्त

घटना के बाद डुमरा थाना और सीतामढ़ी समाहरणालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस की कोशिश है कि किसी तरह की स्थिति दोबारा न बिगड़े।

बैद्यनाथ महतो की हत्या के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को नियंत्रित करने में जुटी है।

भीड़ द्वारा करीब छह वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया है। हत्या की जांच के साथ-साथ पुलिस पर हमले और वाहनों में तोड़फोड़ करने वालों की पहचान भी की जा रही है।

यह भी पढ़ें- सीतामढ़ी में जिला पार्षद के पति की हत्या के बाद बवाल, भीड़ की पत्थरबाजी में SP घायल; गाड़ियों में तोड़फोड़