छठे दिन भी जारी रहा महिलाओं का अनशन, डीएम को पुन: दिया आावेदन
भूमि और आवास के लिए जिले के परसौनी प्रखंड के मदनपुर ढांगर गांव की तीन महिलाओं का जिला मुख्यालय डुमरा स्थित आंबेडकर स्थल पर छठे दिन भी अनशन जारी रहा।
सीतामढ़ी। भूमि और आवास के लिए जिले के परसौनी प्रखंड के मदनपुर ढांगर गांव की तीन महिलाओं का जिला मुख्यालय डुमरा स्थित आंबेडकर स्थल पर छठे दिन भी अनशन जारी रहा। अनशन पर बैठी चांदनी देवी, रीता देवी व सिकिलिया देवी ने कहा कि जबतक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा तब तक अनशन पर डटी रहेंगी। हालांकि, उनकी स्थिति बिगड़ने लगी है, लेकिन अब तक कोई भी पदाधिकारी उसकी सुधी लेने अनशन स्थल तक नहीं पहुंच सके हैं। अनशनकारी महिलाओं ने एक संयुक्त आवेदन डीएम को पुन: दिया है। इसमें उन्होंने बताया है कि पूर्व में भी उनके द्वारा अनशन किया गया था। हर बार केवल आश्वासन मिला। उनका हक उन्हें नहीं दिया जा सका है। आवेदन में परसौनी प्रखंड में व्याप्त भ्रष्टाचार की जानकारी दी है। बीडीओ-सीओ व आवास सहायक की शिकायत की है। मनरेगा में व्याप्त अनियमितता की भी जानकारी दी है।