विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा फर्जीवाड़ा: सीतामढ़ी से कोचिंग संचालक गिरफ्तार, डमी कैंडिडेट के जरिए चला रहा धंधा

Published: Sat, 06 Jun 2026 03:35 AM (IST)

सीतामढ़ी में बीएड प्रवेश परीक्षा में धोखाधड़ी के आरोप में एक निजी कोचिंग संचालक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

कोचिंग संस्थान। फोटो जागरण

कोचिंग संस्थान। फोटो जागरण

HighLights

  1. बीएड प्रवेश परीक्षा में धोखाधड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार।

  2. सीतामढ़ी के कोचिंग संचालक हिमांशु सिंह भी शामिल।

  3. फर्जी एडमिट कार्ड और प्रतिरूपण का आरोप लगा।

संवाद सूत्र, सीतामढ़ी। बीएड प्रवेश परीक्षा में फर्जीवाड़ा कर अभ्यर्थियों की जगह दूसरे लोगों को परीक्षा में बैठाने के आरोप में उत्तर प्रदेश के कुशीनगर पुलिस ने सीतामढ़ी के एक निजी कोचिंग संचालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रीगा थाना क्षेत्र के शिवनगर निवासी ईश्वर चंद्र प्रसाद के पुत्र हिमांशु सिंह तथा बाजपट्टी थाना क्षेत्र के धनकौल निवासी अब्दुल सत्तार के पुत्र मुर्शीद अंसारी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपितों को कुशीनगर के हाटा कोतवाली थाना पुलिस ने बीएड प्रवेश परीक्षा में धोखाधड़ी, फर्जी एडमिट कार्ड तैयार करने और आपराधिक षड्यंत्र रचने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

छात्रों से लेते थे मोटी रकम 

पुलिस ने इस मामले में विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जाता है कि गिरफ्तार हिमांशु सिंह शहर के रिंग बांध स्थित ‘एडमिशन कैंपस’ नामक कंसल्टेंसी का संचालन करता है।

आरोप है कि शिक्षा माफिया छात्रों से मोटी रकम वसूल कर उनकी जगह दूसरे व्यक्तियों को परीक्षा में बैठाकर प्रवेश परीक्षा एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाएं पास कराने का धंधा चला रहे हैं।

शहर के रिंग बांध क्षेत्र में बीएड, डीएलएड समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों में नामांकन और परीक्षा पास कराने का दावा करने वाली कई कंसल्टेंसी संचालित हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ संस्थान 50 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक लेकर नामांकन और परीक्षा में सफलता दिलाने का दावा करते हैं। ऐसे संस्थानों पर फर्जी एडमिट कार्ड बनवाकर अथवा दूसरे अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठाने जैसे गंभीर आरोप लगते रहे हैं।

गिरफ्तारी की सूचना के बाद कंसल्टेंसी संचालकों के बीच हड़कंप मच गया है। हालांकि लोगों ने बताया कि हिमांशु सिंह की कंसल्टेंसी ‘एडमिशन कैंपस’ गिरफ्तारी के बाद भी खुली देखी गई। क्षेत्र के लोगों का मानना है कि कई कंसल्टेंसी संस्थान छात्रों को झांसा देकर फर्जीवाड़े के कारोबार में संलिप्त हैं।

यह भी पढ़ें- TMBU में बीएड के पहले और दूसरे साल की Exam Date जारी, चेक करें पूरा टाइमटेबल