विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरपुर से चोरी की बाइक नेपाल में खपाने की थी तैयारी, सीतामढ़ी के डुमरा से युवक गिरफ्तार

Published: Tue, 27 Oct 2026 03:41 PM (IST)

सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र से एक युवक को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया है। यह बाइक ...और पढ़ें

चोरी की बाइक नेपाल में खपाने की थी तैयारी

चोरी की बाइक नेपाल में खपाने की थी तैयारी

संवाद सूत्र, सीतामढ़ी। चोरी की बाइक का लाक बदलकर उसे अपने पास रखने और नेपाल में बेचने की तैयारी करने के मामले में डुमरा थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। 

गिरफ्तार आरोपित की पहचान डुमरा थाना क्षेत्र के हरिछपरा गांव निवासी सुरेंद्र सिंह के पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके घर से बिना नंबर प्लेट की काले रंग की टीवीएस अपाची बाइक जब्त कर ली है। 

चोरी की बाइक घर में छिपाकर रखी

पुलिस के अनुसार, बाइक मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। मामले में अमित के ममेरे भाई दिलीप कुमार की संलिप्तता भी सामने आई है। 

डुमरा थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि सोमवार की शाम करीब 6:15 बजे वह सिपाही रितेश कुमार और रवि रंजन कुमार के साथ वाहन जांच और आसूचना संकलन के लिए क्षेत्र में निकले थे। इसी दौरान सूचना मिली कि हरिछपरा गांव निवासी अमित कुमार ने चोरी की बाइक अपने घर में छिपाकर रखी है। 

बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं 

सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम ने स्थानीय चौकीदार के साथ रात करीब आठ बजे उसके घर पहुंची। वहां एक काले रंग की अपाची बाइक खड़ी मिली। इसी दौरान घर से निकला एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया।

पुलिस ने युवक से बाइक के कागजात मांगे तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी। इसके बाद पुलिस ने चेसिस नंबर के आधार पर एचएचडी मशीन से जांच की। 

मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र से चोरी 

जांच में बाइक के मालिक की पहचान सीतामढ़ी जिले के सहियारा थाना क्षेत्र के माधोपुर निवासी ललन सिंह के पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने बाइक मालिक से संपर्क किया तो पता चला कि उनकी बाइक नौ अक्टूबर को मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र से चोरी हो गई थी। 

इस संबंध में 10 अक्टूबर को अहियापुर थाने में कांड संख्या 1592/26 दर्ज कराया गया था।थानाध्यक्ष के अनुसार पूछताछ में अमित कुमार ने बताया कि उसका ममेरा भाई औराई थाना क्षेत्र के राजखंड राम विनय महतो के पुत्र दिलीप कुमार बाइक चोरी की थी। अमित ने बाइक का लाक बदलकर उसे अपने पास रख लिया था। 

नेपाल में चोरी की बाइक बेचने की बात 

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में नेपाल में चोरी की बाइक बेचने की बात भी सामने आई है। मामले में अमित कुमार और दिलीप कुमार के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दूसरे आरोपित की भूमिका की भी जांच कर रही है।