सुप्पी में युवक की गोली मार हत्या
सुप्पी के सहायक थाना क्षेत्र के जमला परसा गांव में गुरुवार की रात 22 वर्षीय एक युवक की गोली मार हत्या कर दी गई।
सीतामढ़ी। सुप्पी के सहायक थाना क्षेत्र के जमला परसा गांव में गुरुवार की रात 22 वर्षीय एक युवक की गोली मार हत्या कर दी गई। मृतक किशोरी यादव का एकलौता पुत्र संतोष कुमार यादव था। घटना की सूचना पर सहायक थाना प्रभारी अरुण कुमार राय घटनास्थल पहुंच शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। उन्होंने घटना के संबंध में मृतक के परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ की। सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने मृतक के शव को उनके परिजनों को सौंप दिया। घटना के संबंध में मृतक के पिता के बयान पर अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। जानकारी के अनुसार संतोष गुरुवार की रात गांव के ही गणेश राय के दरवाजे पर सोया था। इसी दौरान देर रात अज्ञात अपराधियों ने गोली मार उसकी हत्या कर दी। हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटना से मृतक के घर में कोहराम मचा है।