विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतामढ़ी में बेटे ने अपनी मां को पीट-पीटकर मार डाला, पुलिस ने बहन के घर से किया गिरफ्तार

Published: Fri, 04 Sep 2026 11:23 AM (IST)

सीतामढ़ी के चोरौत में एक पुत्र ने बांस के टुकड़े से अपनी 60 वर्षीय मां की हत्या कर दी। पुलिस ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. सीतामढ़ी में बेटे ने बांस से पीटकर मां की निर्मम हत्या की।

  2. पुलिस ने आरोपी पुत्र को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार किया।

  3. आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई।

जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। चोरौत थाना क्षेत्र की चोरौत पश्चिमी पंचायत में गुरुवार की देर रात करीब एक बजे पुत्र ने अपनी 60 वर्षीय मां की बांस के टुकड़े से ताबड़तोड़ प्रहार कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों के सहयोग से आरोपित पुत्र को घटना के कुछ ही घंटों बाद परिगामा पंचायत के योगिया गांव स्थित उसकी बहन के घर से गिरफ्तार कर लिया। मृतका का नाम पवित्री देवी उर्फ मनरखनी (60) है और गिरफ्तार आरोपित उसका पुत्र सिकिन्द्र मुखिया (30) बताया गया है।

मां के सिर पर हमला कर भागा 

जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर रात करीब एक बजे सिकिन्द्र मुखिया अपनी मां के फूस के घर में पहुंचा। आरोप है कि उसने घर की टाटी (खरपतवार से बनी दीवार) तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बांस के एक टुकड़े से मां के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।

गंभीर चोट लगने से पवित्री देवी के सिर में गहरा जख्म हो गया और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के दौरान मां की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी परीक्षण मुखिया सहित आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को जुटता देख आरोपित वहां से भाग निकला।

वारदात के बाद बहन के घर पहुंचा  

बताया गया कि घटना के बाद आरोपित गांव से करीब आठ किलोमीटर दूर परिगामा पंचायत के योगिया गांव स्थित अपनी बहन के घर चला गया।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मोनी कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल (सीतामढ़ी) भेज दिया।

घटना के बाद आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने देर रात ही छापेमारी शुरू कर दी।थानाध्यक्ष मोनी कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

ग्रामीणों के अनुसार, आरोपित की मानसिक स्थिति पहले से ठीक नहीं थी और उसका इलाज चल रहा था। वह पूर्व में भी मोहल्ले की महिलाओं और बच्चों को डंडा लेकर खदेड़ता रहता था। हालांकि, हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या है, इसका पता पुलिस की गहन जांच और पूछताछ के बाद ही हो सकेगा।

पत्नी समेत परिवार के अधिकांश सदस्य रहते हैं दिल्ली

बताया गया कि आरोपित को पांच भाई और दो बहने हैं। सभी भाई-बहनों की शादी हो चुकी है। परिवार के अधिकांश सदस्य दिल्ली में अलग-अलग कंपनियों में काम करते हैं।

आरोपित की पत्नी भी अपने तीन बच्चों के साथ दिल्ली में रहकर काम करती है। घटना के समय घर में केवल पवित्री देवी और उनका पुत्र सिकिन्द्र ही मौजूद था।

घटना ने मां-बेटे के रिश्ते को लेकर पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में नया मोड़, करनाल से खरीदे सिम से सुलझ रही गुत्थी