अगलगी की घटनाओं में छह घर जले
विभिन्न थाना क्षेत्रों में अगलगी की घटनाओं में छह घर जल गए। लाखों की संपत्ति नष्ट हुई।
सीतामढ़ी। विभिन्न थाना क्षेत्रों में अगलगी की घटनाओं में छह घर जल गए। लाखों की संपत्ति नष्ट हुई।
सुरसंड : प्रखंड के कररबाना पंचायत के कररबाना गोट में शनिवार की रात आग लगने से देवधर महतो एवं मुन्ना महतो का घर जलकर राख हो गया। आग से घर में रखे 50 हजार रुपये, वस्त्र, फर्नीचर, अनाज तथा बर्त्तन भी जल गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही राजद विधायक प्रतिनिधि सुभाष चन्द्र यादव ,पंचायत समिति सदस्य उर्मिला देवी यादव, समाजसेवी पप्पु यादव ने अग्निपीड़ितों के घर पहुंचकर ढाढ़स बंधाया। उन्होंने अंचल अधिकारी राजेन्द्र पाठक से बात कर अग्निपीड़ितों को जल्द राहत एवं आवास योजना का लाभ देने की मांग की।
परिहार : थाना क्षेत्र के धामीटोल एवं बेला खाप गांव में हुए अगलगी की अलग-अलग घटनाओं में तीन घर समेत लाखों की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। बाद में किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। बेला खाप निवासी दर्शन राय के जलावन घर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने जय किशोर के जलावन घर को भी चपेट में ले लिया। वहीं इस घटना में आस पास रखे पशुचारा का 4 टाल भी जलकर राख हो गया। उधर धामीटोल में मुसमात दुलारी देवी के घर में आग लग गई। इस घटना में अनाज कपड़ा आदि जलकर नष्ट हो गए। मामले को लेकर पीड़िता ने अंचल कार्यालय को आवेदन देकर मदद की गुहार लगाई है।
रीगा : थाना क्षेत्र के मेहसिया पंचायत अंतर्गत बसंतपुर गांव में अचानक आग लगने से करीब एक लाख मूल्य के सामान जलकर राख हो गया। आग लगने से राजमंगल राम के घर में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन, गैस चूल्हा भी जल गया। ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। इसकी सूचना मुखिया गणेश यादव एवं रामजीवन सहनी ने स्थानीय सीओ को दी है।