विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतामढ़ी : लड़की से बात करने पर हुई थी मारपीट, तीन दिन बाद सुनसान घर में फंदे से लटका मिला युवक

Published: Sun, 20 Sep 2026 08:05 PM (IST)

सीतामढ़ी के पुपरी में एक सुनसान मकान में पेंटिंग का काम कर रहे युवक रितेश कुमार का शव फंदे से ...और पढ़ें

घटना के बाद रोते बिलखते स्वजन।

घटना के बाद रोते बिलखते स्वजन।

HighLights

  1. युवक रितेश कुमार का शव पुपरी के सुनसान मकान में मिला।

  2. पिता ने प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका जताई है।

  3. कुछ दिन पहले लड़की से बात करने पर हुई थी मारपीट।

संवाद सहयोगी, पुपरी (सीतामढ़ी)। नगर के वार्ड संख्या 20 सिंगियाही रोड मोहल्ला स्थित एक नए भवन में रविवार को अपराह्न पेंटिंग का काम करने गए युवक का शव फंदे से लटका मिला।

मृतक की पहचान बौरा बाजितपुर पंचायत के केशोपुर निवासी धनेश्वर राय के पुत्र रितेश कुमार (18) के रूप में हुई। सूचना पाकर थाने के दारोगा रंजीत कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच फंदे से लटका शव को नीचे उतार कब्जे में ले लिया।

इसके बाद एफएसएल की टीम को बुलाया गया। टीम द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।

प्रथम दृष्टया में मामला प्रेम प्रसंग में हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार रितेश पोखरभिड़ा गांव निवासी गौतम कुमार के नवनिर्मित मकान में अपने पिता के साथ एक सितंबर से पेंटिंग का काम कर रहा था।

रविवार को रितेश अकेले ही पेंटिंग का काम करने मकान में गया था। इस मकान में निर्माण व पेंटिंग का काम होने के कारण मकान मालिक के परिवार का कोई भी सदस्य उसमें नहीं रहता है।

सुनसान मकान में वह अकेले ही पेंटिंग करने गया था। मकान मालिक ने बताया कि वह घर पर ही आनलाइन सेंटर का काम करते हैं। पिता पुत्र को पेंटिंग का काम दिया था।

जब वह पेंटिंग का काम देखने अपराह्न मकान में पहुंचे तो रितेश को फंदे से लटका पाया। इसके तुरंत बाद उसके पिता को जानकारी दी। मृतक के पिता धनेश्वर राय ने बताया कि उनका बेटा किसी लड़की से बात करता था।

उसकी मौत के पीछे यहीं कारण हो सकता है। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र के मोबाइल पर कोई लड़की कई बार फोन की थी। इसको लेकर तीन-चार दिन पहले मोहल्ले के ही कुछ युवकों द्वारा उसके साथ मारपीट भी की गई थी।

साथ ही जान से मार देने की धमकी भी दी गई थी। उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि उनके पुत्र रितेश की उन्ही लड़कों द्वारा सुनसान घर में अकेला पाकर हत्या कर दी गई है और साक्ष्य को मिटाने के लिए गले में रस्सी का फंदा लगाकर लटका दिया गया है।

घटना की बाबत एसडीपीओ सुनीता कुमारी ने बताया कि एफएसएल टीम और थाने की पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है। घटनास्थल से उपलब्ध सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व मृतक के स्वजन के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में बाइक सवार बदमाशों ने बिजली मिस्त्री को गोली मारी, मोबाइल भी छीना