सीतामढ़ी में बिजली चोरी का नया तरीका, SMD बॉक्स का सुरक्षा कवच भेदकर तार जोड़ा
SMD Box Tampering: सीतामढ़ी के पुपरी में बिजली चोरी का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक उपभोक्ता ने ...और पढ़ें

बिजली चोरी का यह अनोखा तरीका देखकर छापेमारी करने पहुंचे अभियंता भी हैरान रह गए।
संवाद सहयोगी, पुपरी (सीतामढ़ी)। Sitamarhi Electricity Theft: स्मार्ट मीटर व्यवस्था में बिजली चोरी रोकने के लिए लगाए गए अभेद्य सुरक्षा कवच में भी सेंधमारी का मामला सामने आया है।
पुपरी थाना क्षेत्र में एक उपभोक्ता ने बिजली विभाग के अति-सुरक्षित एसएमडी (SMD) बॉक्स को भेदकर कट मार दिया। बिजली चोरी का यह अनोखा तरीका देखकर छापेमारी करने पहुंचे अभियंता भी हैरान रह गए।
अवैध तार जोड़कर चोरी
कनीय अभियंता रवि भूषण के आवेदन पर पुपरी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज मामले में आवापुर उत्तरी पंचायत के वार्ड 13 मौलानगर निवासी मो. रजाउल्लाह को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
आरोप है कि छापेमारी के दौरान उपभोक्ता द्वारा एसएमडी बॉक्स से अवैध रूप से तार जोड़कर आवासीय परिसर में बिजली चोरी की जा रही थी।
विभाग को भारी नुकसान
स्मार्ट मीटरिंग डिवाइस बॉक्स (SMD Box) को खंभों पर इसलिए लगाया जाता है ताकि कोई भी उपभोक्ता डायरेक्ट कट न मार सके।
इस तकनीक को दरकिनार कर की जा रही चोरी से विभाग को 48,623 रुपये का राजस्व नुकसान हुआ है। बिजली विभाग ने आरोपी के खिलाफ विभागीय क्षतिपूर्ति के तहत भारी जुर्माना भी आयोजित किया है।
क्या है एसएमडी बॉक्स
एसएमडी बॉक्स एक सीलबंद इलेक्ट्रॉनिक सुरक्षा कवच होता है, जिसे खंभों या घरों के बाहर लगाया जाता है। इसके भीतर स्मार्ट मीटर सुरक्षित रहता है, जो सीधे बिजली कंपनी के सर्वर को खपत का वायरलेस डेटा भेजता है।
वाटरप्रूफ और डस्टप्रूफ होने के साथ ही यह बॉक्स ओवरलोडिंग या बिल जमा न होने पर कंट्रोल रूम से ही सप्लाई काटने में सक्षम होता है।
तकनीकी सुरक्षा में सेंध
बिजली विभाग जहां स्मार्ट मीटर और एसएमडी बॉक्स को चोरी-रोधी तकनीक मानकर बेफिक्र था, वहीं इस घटना ने सतर्कता बढ़ा दी है।
सुरक्षा घेरे को तोड़कर की जा रही इस चोरी के उजागर होने के बाद अब विभाग इलाके के अन्य एसएमडी बॉक्सों की भी जांच करने की योजना बना रहा है।
