सीतामढ़ी में मुखिया से रंगदारी मांगने व धमकी देने वाले मुजफ्फरपुर के तीन बदमाश गिरफ्तार
सीतामढ़ी के सुरसंड में मुखिया पद्मराज भारद्वाज से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी के मामले में पुलिस ...और पढ़ें

बदमाशों के बारे में जानकारी देते पुलिस अधिकारी।
संवाद सहयोगी, सुरसंड (सीतामढ़ी)। Sitamarhi Sursand Extortion Case: जिले के सुरसंड थाना क्षेत्र में प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सह बघारी पंचायत के मुखिया पद्मराज भारद्वाज उर्फ पिंटू से फोन पर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने कार्रवाई मोबाइल लोकेशन के आधार पर की। गिरफ्तार आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
बघारी पंचायत के मुखिया पद्मराज भारद्वाज उर्फ पिंटू को अज्ञात अपराधियों ने फोन कर रंगदारी की मांग की थी।
रंगदारी नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। घटना के संबंध में मुखिया की ओर से आवेदन मिलने के बाद सुरसंड पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
सुरसंड थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर लाल किशोर गुप्ता के नेतृत्व में मामले के उद्भेदन के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
टीम में अपर थानाध्यक्ष सह अवर निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह, अभिजीत कुमार सिंह, राजीव कुमार पाण्डेय, सहायक अवर निरीक्षक राकेश कुमार एवं चुनचुन पासवान शामिल थे।
पुलिस टीम ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरपुर जिले के पानापुर थाना क्षेत्र स्थित जामीन मठिया में छापेमारी की। पानापुर पुलिस के सहयोग से तीन युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अजय कुमार सिंह के पुत्र अभिषेक कुमार, अरविंद कुमार के पुत्र ज्ञानजी और सुरेंद्र राम के पुत्र विशाल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
थानाध्यक्ष लाल किशोर गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में मुख्य आरोपित अभिषेक कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।
वह पहले भी जेल जा चुका है। मुजफ्फरपुर जिले के कई थानों में उसके विरुद्ध आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
