सीतामढ़ी के सुरसंड में पोखर में नहाने के दौरान डूबा नौ वर्षीय बच्चा, मौत से मचा कोहराम
सीतामढ़ी के सुरसंड थाना क्षेत्र के परसा गांव में एक नौ वर्षीय बच्चे की पोखर में डूबने से मौत हो ...और पढ़ें

मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई करते पुलिस अधिकारी। फोटो सौ.मुखिया
HighLights
सीतामढ़ी के सुरसंड में नौ वर्षीय बच्चा पोखर में डूबकर मरा।
परसा गांव निवासी दीनानाथ कुमार की हुई दुखद मृत्यु।
आपदा प्रबंधन से परिवार को चार लाख रुपये मुआवजा मिलेगा।
संवाद सहयोगी, सुरसंड (सीतामढ़ी)। Sitamarhi Child Drowning: सीतामढ़ी के सुरसंड थाना क्षेत्र के परसा गांव में शनिवार को पोखर में डूबने से नौ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।
मृतक की पहचान परसा गांव के वार्ड नंबर आठ निवासी इंद्रजीत कुमार के नौ वर्षीय पुत्र दीनानाथ कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे दीनानाथ चार-पांच दोस्तों के साथ गांव के ही मदनजी पोखर में नहाने गया था।
नहाने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। दीनानाथ को डूबते देखकर साथ गए बच्चों ने शोर मचाना शुरू कर दिया।
बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर बगल से गुजर रहे एक ग्रामीण ने पोखर में छलांग लगा दी। ग्रामीण ने बच्चे को पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में गांव के एक चिकित्सक के पास इलाज के लिए ले गया। चिकित्सक ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
डूबने की सूचना मुखिया राजेश कुमार उर्फ मंटू ने थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता को दी। सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह, अवर निरीक्षक विनोद कुमार और मोतीउर रहमान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना को लेकर मृतक के पिता इंद्रजीत कुमार के बयान पर यूडी केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुखिया राजेश कुमार उर्फ मंटू ने पोखर में डूबने की घटना की जानकारी अंचल अधिकारी सतीश कुमार को दी। उन्होंने पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा देने की मांग की।
अंचल अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आपदा प्रबंधन के माध्यम से मृतक बालक के आश्रितों को चार लाख रुपये की अनुदान राशि का चेक उपलब्ध कराया जाएगा।
