सीतामढ़ी के सोनबरसा में 10 रुपये के किराये को लेकर विवाद, ऑटो चालक ने यात्री को चाकू मारा
सीतामढ़ी के सोनबरसा थाना क्षेत्र में 10 रुपये के किराये को लेकर हुए विवाद में एक ऑटो चालक ने यात्री ...और पढ़ें

जख्मी को निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है।
HighLights
सीतामढ़ी में ऑटो चालक ने यात्री को चाकू मारा।
10 रुपये के किराये को लेकर हुआ था विवाद।
घायल यात्री निजी क्लीनिक में भर्ती, पुलिस को सूचना नहीं।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Sitamarhi Auto Driver Attack: सीतामढ़ी के सोनबरसा थाना क्षेत्र में 10 रुपये के किराये को लेकर हुए विवाद में ऑटो चालक पर यात्री को चाकू मारकर जख्मी करने का आरोप लगा है।
घटना चिलरा से हनुमान चौक जाने वाली सड़क पर पुल के समीप गुरुवार की देर रात हुई। जख्मी की पहचान चिलरा गांव निवासी सूरज साह (55) के रूप में हुई है।
किराये को लेकर विवाद
सूरज साह की पत्नी ने बताया कि उनके पति गुरुवार रात ऑटो से चिलरा से हनुमान चौक जा रहे थे। उक्त दूरी का किराया 10 रुपये है, लेकिन हनुमान चौक पहुंचने पर ऑटो चालक ने उनसे 20 रुपये किराया मांगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
चाकू मारने का आरोप
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ऑटो चालक ने चाकू से सूरज साह पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने जख्मी को उनके घर पहुंचाया।
निजी क्लीनिक में भर्ती
स्वजन आनन-फानन में सूरज साह को इलाज के लिए शहर के एक निजी क्लीनिक में लेकर पहुंचे। वहां उन्हें भर्ती कराया गया है। इधर, सोनबरसा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुशवाहा ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।
आवेदन पर होगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित की ओर से अब तक थाने में कोई आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
