सीतामढ़ी में दो देसी पिस्टल व कारतूस के साथ बदमाश गिरफ्तार, बाइक लूट की थी साजिश
Bihar Crime News: रुन्नीसैदपुर पुलिस ने दो बदमाशों को देसी पिस्टल और कारतूस के साथ पकड़ा है। ये दोनों राहगीरों से मोटरसाइकिल व रुपये लूटने की फिराक में थे।

पुअनि चंद्रभूषण कुमार ने अपराधियों के बारे में मीडिया को जानकारी दी।
संवाद सहयोगी, रुन्नीसैदपुर (सीतामढ़ी)। Runnisaidpur Crime News: रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र में आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में पुलिया के पास घात लगाए दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
दोनों के पास से एक-एक देसी पिस्टल और एक-एक कारतूस बरामद किया गया है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान बाड़ाडीह गांव निवासी विनोद कुमार सिंह के पुत्र सौरभ कुमार और बिरन सिंह के पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है।
पुअनि चंद्रभूषण कुमार ने बताया कि मंगलवार रात गश्ती के दौरान पुअनि दिनेश कुमार को सूचना मिली कि थुम्मा-बेलाहीं पथ पर एक पुलिया के समीप दो संदिग्ध युवक आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में बैठे हैं।
सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही दोनों बदमाश भागने लगे, जिन्हें पुलिस बल के सहयोग से खदेड़कर पकड़ लिया गया।
पुलिस के समक्ष चंदन ने बताया कि जेल से बाहर आने के बाद वह नेपाल से हथियार खरीदकर लाया था। दोनों मंगलवार देर शाम राहगीरों से मोटरसाइकिल और रुपये छीनने की साजिश के साथ आटो से मौके पर पहुंचे थे। हालांकि, वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार दोनों बदमाशों के विरुद्ध रुन्नीसैदपुर थाने में पहले से दो मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
