विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतामढ़ी के बोखड़ा और नानपुर प्रखंड की सड़कों का होगा चौड़ीकरण, बनेंगे तीन नए बड़े पुल

Published: Thu, 10 Sep 2026 09:50 PM (IST)

Sitamarhi Road Widening Project: सीतामढ़ी के बोखड़ा और नानपुर प्रखंड में सड़कों का चौड़ीकरण और तीन नए पुलों का निर्माण ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री सचिवालय के उप सचिव ने ग्रामीण कार्य विभाग, बिहार को आवश्यक कार्रवाई के लिए आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है।

मुख्यमंत्री सचिवालय के उप सचिव ने ग्रामीण कार्य विभाग, बिहार को आवश्यक कार्रवाई के लिए आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है।

संवाद सहयोगी, बोखड़ा (सीतामढ़ी)। Sitamarhi Road Widening Project: बाजपट्टी विधानसभा क्षेत्र के तहत बोखड़ा और नानपुर प्रखंड की प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण कार्य जल्द शुरू होगा।

स्थानीय विधायक रामेश्वर कुमार महतो ने बताया कि उन्होंने ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल पुपरी की सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र सौंपा था।

इस पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री सचिवालय के उप सचिव ने ग्रामीण कार्य विभाग, बिहार को आवश्यक कार्रवाई के लिए आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है।

प्रमुख सड़कें होंगी चौड़ी

विधायक ने बताया कि महुआगाछी से रायपुर, धाधी, गोगलक टोल व नयाटोल होकर एनएच 527सी तक 10 किलोमीटर सड़क चौड़ी होगी।

एसएच 87 से मेदनीपुर होकर मुजफ्फरपुर सीमा तक तीन किलोमीटर और उखड़ा से बनौल, रायपुर, गौरीचट्टी व ददरी होकर बेला हाई स्कूल तक 15 किलोमीटर सड़क बनेगी।

इसके अलावा औराई से जाले भाया भाउर, बोखड़ा, खड़का बसंत जीरो माइल तक 15 किलोमीटर और पुपरी पोस्ट ऑफिस से लोहइठा व डोरपुर भेटुआ होकर एनएच 527सी तक 6 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण होगा।

तीन नए पुलों का निर्माण

सड़क चौड़ीकरण के साथ बोखड़ा प्रखंड में दो उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण का एग्रीमेंट भी पूरा हो चुका है। इनमें पोखरैरा से बालासाथ जाने वाले मार्ग पर बालासाथ के पास और कोकिलबारा के समीप हेमदा नदी पर बनने वाला पुल शामिल है।

इसके अतिरिक्त नानपुर के डोरपुर से पुपरी के बीच अधवारा नदी पर भी एक बड़े पुल का निर्माण शीघ्र शुरू कराया जाएगा।

उद्योग और खेल मैदान

विधायक ने कहा कि नानपुर प्रखंड में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है, जिससे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा।

युवाओं की प्रतिभा को निखारने के लिए नानपुर में खेल मैदान और क्रिकेट स्टेडियम निर्माण के वास्ते चरवाहा विद्यालय की जमीन चिह्नित कर ली गई है।

उन्होंने दोहराया कि बाजपट्टी विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।