विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतामढ़ी जंक्शन पर जल्द मिलेंगी एयरपोर्ट जैसी सुविधाएं, हर प्लेटफार्म पर लगेंगे लिफ्ट व एस्केलेटर

Published: Sun, 30 Aug 2026 10:46 PM (GMT+05:30)

World Class Station Bihar: समस्तीपुर रेल मंडल के प्रबंधक ने बताया कि सीतामढ़ी जंक्शन को जल्द ही एयरपोर्ट जैसी अत्याधुनिक ...और पढ़ें

समस्तीपुर रेल मंडल के प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने सीतामढ़ी जंक्शन का निरीक्षण किया। जागरण

समस्तीपुर रेल मंडल के प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने सीतामढ़ी जंक्शन का निरीक्षण किया। जागरण

HighLights

  1. सीतामढ़ी जंक्शन को एयरपोर्ट जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

  2. यह जंक्शन सौर ऊर्जा से संचालित ग्रीन बिल्डिंग बनेगा।

  3. प्रत्येक प्लेटफार्म पर एस्केलेटर और लिफ्ट लगाए जाएंगे।

संवाद सहयोगी, सीतामढ़ी। Sitamarhi Railway Station: समस्तीपुर रेल मंडल के प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने कहा है कि जानकी जन्मभूमि सीतामढ़ी जंक्शन पर यात्रियों को जल्द ही एयरपोर्ट जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

विश्वस्तरीय रूप में विकसित किए जा रहे इस जंक्शन को सौर ऊर्जा और ऊर्जा दक्षता मानकों के अनुरूप पूरी तरह ग्रीन बिल्डिंग का रूप दिया जाएगा।

रेलवे परिसर की भूमि पर यात्रियों की सुविधा के लिए मॉल और मल्टीपर्पस भवनों का निर्माण भी कराया जाएगा।

भीड़ से मिलेगी राहत

स्टेशन पर आगमन और प्रस्थान के लिए अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाए जा रहे हैं ताकि यात्रियों को अनावश्यक भीड़भाड़ का सामना न करना पड़े। प्रत्येक प्लेटफार्म पर स्वचालित सीढ़ियां (एस्केलेटर) और लिफ्ट लगाई जाएंगी।

इसके अलावा परिसर में खान पान, स्वच्छ पेयजल, उन्नत वॉशरूम, एटीएम और इंटरनेट की हाईटेक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

निरीक्षण और सुधार निर्देश

डीआरएम ने इंजीनियरिंग टीम के साथ सीतामढ़ी जंक्शन पहुंचकर निर्माणाधीन भवनों और प्लेटफार्म नंबर एक के विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने दिव्यांग यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए विशेष रैंप और ब्रेल लिपि साइनेज लगाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्लेटफार्म पर गंदगी और जलजमाव दिखने पर उन्होंने अधिकारियों के समक्ष गहरी नाराजगी व्यक्त की और त्वरित सुधार के निर्देश दिए।

सांसद के प्रयासों की सराहना

डीआरएम ने सीतामढ़ी सांसद देवेश चंद्र ठाकुर के विकास प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सक्रिय पहल से ही रेल मंत्रालय से इस वर्ल्ड क्लास स्टेशन परियोजना को स्वीकृति मिली है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्टेशन पुनर्विकास का संपूर्ण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर यात्रियों को समर्पित कर दिया जाएगा।