सीतामढ़ी के 86 निजी स्कूलों में कक्षा-1 का नामांकन ‘शून्य’, 14 अगस्त तक का आखिरी मौका
सीतामढ़ी के 86 निजी स्कूलों में कक्षा-1 के बच्चों का नामांकन यू-डायस पोर्टल पर शून्य पाया गया है, जिसके बाद ...और पढ़ें

इसमें एआई जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
86 निजी स्कूलों में कक्षा-1 नामांकन यू-डायस पर शून्य।
शिक्षा विभाग ने 14 अगस्त तक का अंतिम मौका दिया।
नामांकन शून्य रहने पर स्कूल की प्रस्वीकृति रद्द होगी।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। जिले के 86 निजी स्कूलों की कक्षा-1 में यू-डायस के आंकड़ों में एक भी बच्चा दर्ज नहीं है। शैक्षणिक सत्र शुरू हुए चार महीने बीत चुके हैं, लेकिन संबंधित विद्यालयों की ओर से कक्षा-1 में नामांकित बच्चों का विवरण अब तक यू-डायस पोर्टल पर दर्ज नहीं किया गया है।
शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित स्कूलों को 14 अगस्त तक प्रविष्टि पूरी करने का अंतिम मौका दिया है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान सुजीत कुमार दास ने मंगलवार को जिले के संबंधित निजी विद्यालयों के संचालक और प्राचार्य को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिया है।
पत्र में कहा गया है कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र एक अप्रैल 2026 से शुरू हो चुका है। इसके बावजूद चार माह की अवधि बीतने के बाद भी कक्षा-1 में नामांकित बच्चों की प्रविष्टि यू-डायस पोर्टल पर नहीं की गई है।
विभाग की ओर से विद्यालयों को इस संबंध में पहले भी कई बार स्मरण कराया जा चुका है। डीपीओ ने संबंधित विद्यालयों को अंतिम रूप से निर्देश दिया है कि पत्र प्राप्ति के साथ ही 14 अगस्त तक कक्षा-1 में नामांकित सभी बच्चों का विवरण यू-डायस पोर्टल पर दर्ज करना सुनिश्चित करें। इसके लिए विद्यालय संचालकों को गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा गया है।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद भी जिन विद्यालयों में कक्षा-1 का नामांकन पोर्टल पर शून्य रहेगा, उन्हें चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद संबंधित विद्यालयों के यू-डायस कोड एवं प्रस्वीकृति रद करने के लिए अग्रेतर कार्रवाई शुरू की जाएगी। इसके लिए संबंधित विद्यालय संचालक स्वयं जिम्मेदार होंगे।
सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को भी अपने-अपने प्रखंड में शून्य नामांकन वाले विद्यालयों को चिह्नित करने का निर्देश दिया गया है। बीईओ को संबंधित विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए इसकी रिपोर्ट जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
निजी विद्यालय संघ के अध्यक्ष, सचिव एवं संस्थापकों को भी इसकी जानकारी दी गई है। जारी सूची में बैरगनिया, बथनाहा, बेलसंड, बोखड़ा, चोरौत, डुमरा, मेजरगंज, नानपुर, परिहार, पुपरी, रीगा, रुन्नीसैदपुर, सोनबरसा और सुरसंड समेत विभिन्न प्रखंडों के निजी विद्यालय शामिल हैं।
