सीतामढ़ी में शादी की खुशियों के बीच अनियंत्रित पिकअप ने सात लोगों को कुचला, बच्ची की मौत
सीतामढ़ी के सुरसंड में एक शादी समारोह के दौरान तेज रफ्तार पिकअप वैन ने सात लोगों को रौंद दिया, जिसमें ...और पढ़ें

सीतामढ़ी में घटना स्थल पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़। जागरण
HighLights
सुरसंड में शादी समारोह के दौरान भीषण हादसा।
तेज रफ्तार पिकअप ने बच्ची को रौंदा, मौत।
सात लोग गंभीर रूप से घायल, चालक गिरफ्तार।
संवाद सहयोगी, सुरसंड (सीतामढ़ी) । एनएच 227 पर सुरसंड थाना क्षेत्र के हरिदुलरपुर बनटोलबा टोला में मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।
एक तेज रफ्तार डीजे (तेज बाजा) लदी पिकअप वैन ने सड़क किनारे खड़ी एक बच्ची और विदाई की रस्मों में जुटे लोगों को बेरहमी से रौंदते हुए जख्मी कर दिया।
पिकअप इस कदर अनियंत्रित रही कि वह बच्ची को डेढ़ किलोमीटर बनौली शोले चौक तक घसीटते हुए ले गई। बाद में ग्रामीणों ने पिकअप चालक को पकड़ लिया और जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंपा दिया।
इस हादसे में दो महिलाओं सहित कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल बच्ची गुड़िया कुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरिदुलरपुर बनटोलबा टोल वार्ड नंबर 2 में ललन मुखिया की पुत्री अंजली कुमारी का विवाह संपन्न होने के बाद विदाई का कार्यक्रम चल रहा था।
घर के लोग और रिश्तेदार एनएच 227 किनारे जमा थे। इसी दौरान सीतामढ़ी की ओर से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप वैन ने वहां खड़ी एक नई बाइक पर बैठी बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद वहां कोहराम मच गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत साहस का परिचय देते हुए पिकअप के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला। निजी वाहनों और एम्बुलेंस की मदद से सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
घायलों की पहचान चोरोत थाना क्षेत्र के चोरोत गांव निवासी रंजीत मुखिया की पुत्री गुड़िया कुमारी (11 वर्ष) बाजपट्टी थाना क्षेत्र सड़बड़ा गांव निवासी विकास कुमार (20वर्ष), मधुबनी जिले के सरसों गांव निवासी चंद्रशेखर मुखिया के पुत्र बिट्टू कुमार (17 वर्ष)।
मधुबनी जिले के बेनीपट्टी गांव निवासी लखींद्र मुखिया के पुत्र भागेंद्र मुखिया (45 वर्ष), मधुबनी जिले के सरसों गांव निवासी चंद्रशेखर मुखिया के पुत्र विक्की कुमार (18 वर्ष), सरसों गांव निवासी बिट्टू कुमार की पत्नी किरण देवी (40 वर्ष), सरसों गांव निवासी अरविंद कुमार के पुत्र आदित्य कुमार (17 वर्ष) के रूप में हुई है।
अस्पताल के चिकित्सक लालू कुमार ने बताया कि घायलों में कई की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए सभी सातों घायलों को सीतामढ़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घायलों में महिलाओं और बच्चों की स्थिति को देखते हुए स्वजन काफी सदमे में हैं। ग्रामीणों की सूचना पर थानाध्यक्ष लाल किशोर गुप्ता, अवर निरीक्षक हीरा लाल पासवान, मुकेश कुमार, मुकेश कुमार सिंह, राजीव कुमार पांडेय, सीबी सिन्हा, जमादार राकेश कुमार शस्त्र बल व चौकीदार चुनचुन पासवान घटना स्थल पर पहुंचकर डीजी (तेज बाजा) लदे सहित पिकअप को जब्त करते हुए पकड़े गए पिकअप चालक भिट्ठा थाना क्षेत्र के पोखर टोल हनुमाननगर निवासी चुल्हाई मंडल के पुत्र लालाबाबू मंडल (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता ने बताया कि ग्रामीणों की पिटाई से जख्मी चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य में कराया गया है। उन्होंने बताया कि पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
