सीतामढ़ी में प्याज के थोक भाव में आई कमी, खुदरा बाजार में अब भी 50 रुपये तक बिक रही
Onion Market Bihar: सीतामढ़ी में प्याज के थोक भाव में गिरावट आई है, जो 35-40 रुपये प्रति किलो हो गया ...और पढ़ें

कीमतों में अनिश्चितता के कारण व्यापारियों ने आवक घटा दी है। फोटो: जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
दीपक कुमार, सीतामढ़ी। Sitamarhi Wholesale Onion Rate: सावन माह समाप्त होने के बाद रसोई और होटलों में प्याज की मांग बढ़ने के बावजूद कीमतों में उतार-चढ़ाव से बिक्री प्रभावित हो रही है।
सीतामढ़ी की थोक मंडी में प्याज का भाव गिरकर 35 से 40 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया है। हालांकि खुदरा बाजार में उपभोक्ताओं को अब भी 45 से 50 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज खरीदना पड़ रहा है।
मंडी में घटी आवक
सीतामढ़ी बाजार समिति, पुपरी, रीगा, सोनबरसा और सुरसंड मंडियों में नासिक, शाजापुर, इंदौर, संबलपुर और पुणे से प्याज की आवक हो रही है।
कीमतों में अनिश्चितता के कारण व्यापारियों ने आवक घटा दी है और प्रतिदिन छह-सात ट्रक की जगह महज चार-पांच ट्रक ही माल पहुंच रहा है। खुले बाजार में प्याज की कोई किल्लत नहीं है लेकिन व्यापारी सतर्कता बरत रहे हैं।
व्यापारियों को हो रहा नुकसान
थोक व्यापारी कमलेश कुमार के अनुसार एक सप्ताह पहले 47 से 48 रुपये में प्याज की खरीदारी कर स्टॉक किया गया था। अब थोक भाव गिरकर 35 से 40 रुपये होने से व्यापारियों को सीधे नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्याज जल्दी खराब होने वाली वस्तु होने के कारण इसे लंबे समय तक सुरक्षित रखना भी संभव नहीं हो पा रहा है।
रसोई का बिगड़ा बजट
गृहणियों का कहना है कि सावन के बाद खपत तो बढ़ी है लेकिन खुदरा भाव ऊंचा होने से सीमित मात्रा में ही प्याज खरीदा जा रहा है।
थोक विक्रेता राम भजन भगत बताते हैं कि घाटे से बचने के लिए साप्ताहिक आवक 10 ट्रक से घटाकर दो से तीन ट्रक कर दी गई है। खुदरा विक्रेता पिंटू कुमार के मुताबिक ऊंचे दामों के कारण उपभोक्ता खरीदारी में कटौती कर रहे हैं।
प्रशासन की सख्त नजर
जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुनील कुमार सिन्हा ने बताया कि बाजार में प्याज की कोई कमी नहीं है। जमाखोरी और मुनाफाखोरी रोकने के लिए सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को मंडियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन थोक और खुदरा स्तर पर खरीद-बिक्री की लगातार निगरानी कर रहा है।
