सीतामढ़ी के डुमरा अंचल कार्यालय में गाली-गलौज के साथ चलीं चप्पलें, वीडियो वायरल
सीतामढ़ी के डुमरा अंचल कार्यालय में सोमवार को दो कर्मियों, नाजिर प्रकाश कुमार झा और महिला लिपिक विमल कुमारी, के ...और पढ़ें
HighLights
डुमरा अंचल कार्यालय में दो कर्मियों के बीच विवाद।
फाइल को लेकर गाली-गलौच और चप्पलें फेंकी गईं।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। जिला मुख्यालय के डुमरा स्थित अंचल कार्यालय में सोमवार को अपराह्न उस समय अफरातफरी मच गई जब दो कर्मी फाइलों को लेकर आपस में भिड़ गए।
विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों में पहले गरमागरम बहस के साथ ही कागजात की छीना-झपटी शुरू हो गई। फिर दोनों के बीच गाली-गलौच से लेकर एक-दूसरे पर चप्पलें तक फेंकी गई।
हालांकि मौजूद कर्मी दोनों के बीच बीच बचाव करते रहे। करीब आधा घंटे तक दोनों अंचल कर्मियों के बीच यह हंगामा होता रहा। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोग पूरे मामले का वीडियो बनाने लगे और कुछ ने इसे इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर अपलोड कर प्रसारित भी कर दिया। लोग इस वीडियो को देखकर कार्यालय की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाजिर प्रकाश कुमार झा व महिला लिपिक विमल कुमारी के बीच कार्यालय के किसी फाइल को लेकर पहले बहस शुरू हुई।
दोनों के बीच बहस जोर पकड़ने लगी और दोनों एक-दूसरे पर अमर्यादित शब्दों का प्रयोग भी करने लगे। स्थिति तब गंभीर हो गई जब दोनों कर्मी एक दूसरे को थप्पड़ मारने की कोशिश की और इसी बीच मौका मिलते ही चप्पल भी चला दी गई।
जिस वक्त कार्यालय में यह घटना हुई उस समय अंचलाधिकारी अंकु गुप्त कार्यालय में नहीं थी। बाद में वहां मौजूद कर्मियों ने अंचलाधिकारी के आने तक पूरे मामले में कार्रवाई की बात कहकर किसी प्रकार बीच-बचाव किया।
हंगामा के समय मैं अपर समाहर्ता के पास कार्यालय संबंधी कार्य को लेकर गई थी। इसके बाद वीडियोकांफ्रेंसिंग से लौटने पर घटना की जानकारी मिली। मंगलवार को दोनों कर्मियों को बुलाया गया है। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि किस कारण हंगामा हुआ है। कार्यालय में इस तरह का हंगामा गलत है। दोनों पक्षों के सुनने के बाद मामले निश्चित रूप से कार्यालय की गरिमा और अनुशासन बनाए रखने के लिए उचित कार्रवाई की जाएगी।
अंकु गुप्ता, अंचलाधिकारी डुमरा अचंल, सीतामढ़ी
