Sitamarhi Crime : ‘नाना आगे थे और मैं पीछे, झाड़ियों से अचानक बरसने लगीं गोलियां, सब कुछ मेरी आंखों के सामने हुआ’
नाना-नातिन टहल रहे थे तभी झाड़ियों से हुई फायरिंग में जिला पार्षद पति बैद्यनाथ महतो की गोली मारकर हत्या कर ...और पढ़ें
सुमित कुमार, सीतामढ़ी । कुछ पल पहले तक नाना-नातिन साथ टहल रहे थे। नाना आगे चल रहे थे और नातिन पीछे। तभी झाड़ियों की ओट से अचानक गोलियों की आवाज गूंजने लगी। जान बचाने के लिए नाना भागे तो नातिन भी उनके पीछे दौड़ी, लेकिन वह कुछ दूर ही पहुंच पाई थी कि नाना गोली लगने से गिर पड़े। आंखों के सामने हुई इस घटना ने नातिन को झकझोर कर रख दिया है।
झाड़ियों से अचानक हुई फायरिंग
नातिन स्नेहा के अनुसार वह अपने नाना जिला पार्षद पति बैद्यनाथ महतो के साथ टहल रही थी। इसी दौरान झाड़ियों की ओट से बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। नाना को बचने के लिए भागते देख वह भी पीछे दौड़ी। हालांकि, कुछ ही दूरी पर नाना गिर पड़े।
नातिन ने लगाए कई लोगों पर आरोप
स्नेहा का कहना है कि उसने घटना के दौरान बदमाशों को पहचान लिया था। उसने अनिल, शंभू, त्रिभुवन, एजाज और एहसान समेत अन्य लोगों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। उसका दावा है कि एक दिन पहले अनिल को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में छोड़ दिया गया।
‘छूटने के आठ घंटे बाद कर दी हत्या’
नातिन के अनुसार अनिल के पुलिस हिरासत से छूटने के करीब आठ घंटे बाद ही उसके नाना की हत्या कर दी गई। इस दावे के बाद मामले की जांच और पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं।
एसपी ने एएसपी को सौंपी जांच
एसपी अमित रंजन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एएसपी आशीष आनंद को सौंप दी है। उन्हें दो दिनों के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस कार्रवाई पर एसपी ने माना लापरवाही
एसपी ने बताया कि शुक्रवार को थानाध्यक्ष जिला पार्षद के घर पर फायरिंग मामले में नामजद त्रिभुवन कुमार के पिता अनिल महतो को पूछताछ के लिए थाने लाए थे। बाद में उन्हें पीआर बांड पर छोड़ दिया गया। इस कार्रवाई की जानकारी एसपी को नहीं दी गई थी।
एसपी ने प्रथम दृष्टया माना कि थानाध्यक्ष और अनुसंधानकर्ता ने मामले की संवेदनशीलता तथा वादी के जीवन पर मंडरा रहे संभावित खतरे का समुचित आकलन नहीं किया। उन्होंने इसे लापरवाही माना है। अब एएसपी की जांच रिपोर्ट से पूरे मामले में पुलिस की भूमिका और आरोपों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
