विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के सीतामढ़ी में इलाज कराने आई किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, तीन युवकों पर दरिंदगी का आरोप

Published: Sat, 05 Sep 2026 04:26 PM (IST)

Minor Girl Gang Rape Bihar: बिहार के सीतामढ़ी में इलाज कराने आई एक नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की ...और पढ़ें

पीड़िता को तत्काल इलाज और मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रतीकात्मक फोटो

पीड़िता को तत्काल इलाज और मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. सीतामढ़ी में इलाज कराने आई किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म की वारदात।

  2. तीन युवकों ने सुनसान सरेह में वारदात को अंजाम दिया।

  3. पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर जांच तेज की।

संवाद सूत्र, सीतामढ़ी। Sitamarhi Crime News: नगर थाना क्षेत्र के भासर पिकेट अंतर्गत इलाके में गुरुवार की देर शाम एक किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है।

घटना के तुरंत बाद बदहवास मां अपनी पीड़िता बेटी को लेकर नगर थाने पहुंची और न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीड़िता को तत्काल इलाज और मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।

इलाज कराने आई

पीड़िता मूल रूप से जिले के रीगा थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है। पीड़िता की मां के अनुसार वह अपनी बेटी का उपचार कराने के लिए सीतामढ़ी शहर आई हुई थी। इसी दौरान लड़की भटककर भासर पिकेट की ओर चली गई, जहां कुछ असामाजिक तत्वों की नजर उस पर पड़ गई।

सरेह में वारदात

परिजनों का आरोप है कि युवती को जबरन एक टेंपो में बैठाकर सुनसान सरेह की ओर ले जाया गया। वहां मौजूद तीन युवकों ने किशोरी के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता को उसी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।

अस्पताल पहुंचे अधिकारी

दुष्कर्म की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में अलर्ट जारी किया गया। सदर डीएसपी सहित कई वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़िता व उसकी मां से पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली। इसके साथ ही पुलिस की विशेष टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर भौतिक साक्ष्य भी जुटाए हैं।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने पीड़िता का आधिकारिक बयान दर्ज कर लिया है और डॉक्टरों की निगरानी में उसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय सूत्रों की मदद से पुलिस आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

एसएसपी आशीष आनंद ने बताया कि घटना से जुड़े सभी तकनीकी व अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट व बयान के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।