सीतामढ़ी में प्रेम प्रसंग का अनोखा मामला, पकड़े जाने पर परिजनों ने कराई प्रेमी युगल की शादी
Bihar Intercaste Marriage: सीतामढ़ी के पुपरी में एक प्रेमी युगल की प्रेम कहानी शादी में बदल गई, जब प्रेमिका के ...और पढ़ें

बाबा नागेश्वर स्थान मंदिर में पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ नवीन और ज्योति का विवाह संपन्न कराया गया।
संवाद सहयोगी, पुपरी (सीतामढ़ी)। Sitamarhi Love Marriage: जिले के पुपरी में प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां जाति की दीवारें तोड़कर परिजनों ने प्रेमी युगल की शादी करा दी।
नगर के वार्ड संख्या 5 निवासी नवीन कुमार मंडल का मोहल्ले की ही ज्योति कुमारी से पिछले कई महीनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक-दूसरे से बेहद प्यार करते थे और अपने रिश्ते को लेकर पूरी तरह गंभीर थे।
फलाहार लेकर पहुंचा प्रेमी
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की रात प्रेमिका के व्रत रहने पर नवीन उसके लिए फलाहार का सामान लेकर चुपके से मिलने उसके घर पहुंच गया। नवीन जैसे ही ज्योति के कमरे में दाखिल हुआ, घर के लोगों को इसकी भनक लग गई।
परिजनों ने सतर्कता दिखाते हुए कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और दोनों को भीतर ही रोक लिया।
थाने तक पहुंचा मामला
अगली सुबह परिजनों ने डायल 112 पुलिस को मामले की जानकारी देकर मौके पर बुला लिया। पुलिस टीम दोनों को कमरे से निकालकर थाने ले गई, जहां दोनों पक्षों के बीच बातचीत शुरू हुई।
प्रेमी युगल के बालिग होने और दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद पुलिस ने पीआर बॉन्ड भरवाकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया।
मंदिर में लिए फेरे
थाने से लौटने के बाद समाज के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में दोनों परिवारों ने शादी का निर्णय लिया। नगर स्थित बाबा नागेश्वर स्थान मंदिर में पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ नवीन और ज्योति का विवाह संपन्न कराया गया।
बिना किसी पूर्व मुहूर्त के हुई यह शादी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
