विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतामढ़ी में दिनदहाड़े युवक की हत्या, गोली मारकर बाइक और शराब के कार्टन लूट ले गए बदमाश

Published: Tue, 01 Sep 2026 07:03 PM (IST)

सीतामढ़ी के सुरसंड में बाजपट्टी के एक शराब धंधेबाज भुनटुन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाश उसकी ...और पढ़ें

मृतक भुनटुन कुमार की फाइल फोटो। सौ.स्वजन

मृतक भुनटुन कुमार की फाइल फोटो। सौ.स्वजन

HighLights

  1. सुरसंड में शराब धंधेबाज भुनटुन कुमार की गोली मारकर हत्या।

  2. बदमाशों ने बाइक और शराब के कार्टन लूटे, हुए फरार।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की तलाश में जुटी है।

संवाद सहयोगी, सुरसंड (सीतामढ़ी)। थाना क्षेत्र के जवाही गांव में स्कूल से लगभग 50 मीटर की दूरी पर सुधा डेयरी सेंटर के पास मंगलवार की सुबह बदमाशों ने बाजपट्टी थाना क्षेत्र के 32 वर्षीय एक युवक की गोली मार हत्या कर दी।

आसपास के लोगों के अनुसार उनलोगों ने दो गोलियां चलाए जाने की आवाज सुनी थी। युवक को कमर में गोली लगने का निशान पाया गया है। ग्रामीणों ने खून से लथपथ शव देखकर इसकी सूचना थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता को दी।

इसके बाद पुपरी डीएसपी सह एएसपी सुनीता कुमारी थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता, अवर निरीक्षक अभिजीत सिंह ने शस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मृतक की बाइक और उसमें बंधी शराब के कार्टन लूटकर फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की हरकत का पुलिस को पता चल गया है। पुलिस सीसीटीवी की जद में आए बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुला लिया गया है। टीम ने घटनास्थल की घेराबंदी कर वहां से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

थानाध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता ने बताया कि मृतक की पहचान बाजपट्टी थाना क्षेत्र के सिवाईपट्टी गांव निवासी हजारी मंडल के पुत्र भुनटुन कुमार (22 वर्ष) के रूप में की गई है। उन्होंने बताया है कि मृतक के स्वजन का फर्दबयान या आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

थानाध्यक्ष गुप्ता ने बताया कि भुनटुन 2022 में शराब मामले में जेल जा चुका था। उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा। उन्होंने बताया कि शुरुआती छानबीन में सामने आया है कि मृतक आपराधिक पृष्ठभूमि का था।

पुलिस पुरानी रंजिश, आपराधिक विवाद और अन्य संभावित कारणों को केंद्र में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस बदमाशों की धरपकड़ के लिए तकनीकी साक्ष्यों व स्थानीय इनपुट के आधार पर छापेमारी कर रही है। मृतक को एक पुत्र और एक पुत्री है।

युवक के शरीर पर बुलेट लगने के निशान पाए गए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों के बारे में सुराग हाथ लगे हैं। लगातार छापेमारी की जा रही है। शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सुनीता कुमारी,एएसपी सह डीएसपी, पुपरी, सीतामढ़ी।