विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतामढ़ी अपहरण मामले में नया मोड़, आरोपी ने की आत्महत्या, बालक की तलाश जारी

Published: Sun, 30 Aug 2026 06:06 PM (IST)

Sitamarhi Minor Kidnapping:सीतामढ़ी में 10 वर्षीय बालक के अपहरण के आरोपी प्रकाश भगत ने मुजफ्फरपुर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ...और पढ़ें

मेजरगंज और साहेबगंज थाने की पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संयुक्त रूप से कई स्थानों पर छापेमारी की थी।

मेजरगंज और साहेबगंज थाने की पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संयुक्त रूप से कई स्थानों पर छापेमारी की थी।

जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Sitamarhi Minor Kidnapping: मेजरगंज थाना क्षेत्र के सोनल महोदय गांव से 10 वर्षीय बालक के अपहरण के मामले में नामजद आरोपित ने अपने गांव में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के परसा सहन गांव निवासी प्रकाश भगत के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के आत्महत्या करने की पुष्टि की है।

इधर, अपहृत बालक अविनाश कुमार (10) की बरामदगी के लिए मेजरगंज और मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाने की पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

जानकारी के अनुसार, सोनल महोदय गांव निवासी विजय पंडित की पत्नी सीमा देवी ने 27 अगस्त को प्रकाश भगत के खिलाफ अपने पुत्र के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्रकाश भगत मेजरगंज में निर्माणाधीन पावर ग्रिड में मजदूरी करता था।

बताया जाता है कि प्रकाश भगत की पत्नी की करीब दो वर्ष पूर्व मौत हो चुकी थी। इसके बाद वह विजय पंडित की पुत्री से शादी करना चाहता था, जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान प्रकाश भगत पर अविनाश का अपहरण करने का आरोप है।

मामला दर्ज होने के बाद मेजरगंज और साहेबगंज थाने की पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संयुक्त रूप से कई स्थानों पर छापेमारी की थी।

इसी बीच प्रकाश भगत ने अपने गांव में एक नीम के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मेजरगंज थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि अपहरण की घटना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। आरोपित के आत्महत्या करने की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि अपहृत बालक की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।