सीतामढ़ी में नेपाल से चरस की खेप लेकर पहुंचे युवक को पुलिस ने दबोचा, 1.2 किलो मादक पदार्थ बरामद
कन्हौली थाना पुलिस ने नेपाल से भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे एक युवक को 1.2 किलोग्राम चरस के साथ ...और पढ़ें

जब्त चरस व गिरफ्तार आरोपित के साथ कन्हौली थाने की पुलिस। फोटो सौ. पुलिस
संवाद सहयोगी, सोनबरसा (सीतामढ़ी)। Indo Nepal Border Drug Seizure: कन्हौली थाना पुलिस ने नेपाल से पगडंडी के रास्ते भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे एक युवक को 1.2 किलोग्राम चरस जैसे मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपित के पास से लाल छापेदार झोले में छिपाकर रखा मादक पदार्थ बरामद किया।
गिरफ्तार युवक की पहचान कन्हौली थाना क्षेत्र के रामनगरा निवासी रकटू बैठा के 28 वर्षीय पुत्र शिवनंदन कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
थानाध्यक्ष सुनील कुमार यादव के स्वलिखित बयान के अनुसार, 16 सितंबर की रात करीब 11:40 बजे वे सशस्त्र बल के साथ क्षेत्र में गश्ती पर निकले थे।
17 सितंबर की रात करीब 1:05 बजे विशेष कार्य बल से सूचना मिली कि शिवनंदन नेपाल से मादक पदार्थ लेकर खेत-पगडंडी के रास्ते भलुआहा की ओर आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम भलुआहा इंडो-नेपाल सैनिक रोड किनारे पोखर के पास निगरानी में जुट गई। करीब 1:28 बजे नेपाल की ओर से एक व्यक्ति पगडंडी के रास्ते आता दिखाई दिया।
टॉर्च की रोशनी डालने पर उसके हाथ में लाल छापेदार झोला नजर आया।
झोला फेंककर भागने लगा युवक
पुलिस के रोकने पर युवक झोला फेंककर भागने लगा, जिसे पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम शिवनंदन कुमार बताया।
पुलिस के अनुसार, फेंके गए झोले की तलाशी लेने पर उसके अंदर आसमानी रंग के प्लास्टिक में लिपटा और काले रंग की पॉलिथीन में रखा चरस जैसा पदार्थ बरामद हुआ।
इलेक्ट्रॉनिक तराजू से झोला सहित वजन करने पर कुल वजन 1.2 किलोग्राम पाया गया।
एनडीपीएस एक्ट में दर्ज हुआ केस
बरामद पदार्थ को मौके पर मौजूद मजिस्ट्रेट के समक्ष जब्ती सूची तैयार कर जब्त किया गया। पुलिस ने बताया कि देर रात होने के कारण आसपास कोई स्वतंत्र गवाह उपलब्ध नहीं हो सका।
इसके बाद गिरफ्तार युवक के विरुद्ध कन्हौली थाना कांड संख्या 154/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी)(ii)(सी) के तहत कार्रवाई की गई है। मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी एसआई शशिकांत प्रसाद को दी गई है।
गिरफ्तार आरोपित को बरामद मादक पदार्थ के साथ न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेजने की कार्रवाई की गई।
