विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतामढ़ी होकर न्यू जलपाईगुड़ी से अमृतसर तक चलेगी 'अमृत भारत एक्सप्रेस', 20 से ज्यादा स्टेशनों पर होगा ठहराव

Published: Wed, 13 May 2026 01:21 PM (IST)

रेलवे ने सीतामढ़ी होकर न्यू जलपाईगुड़ी से अमृतसर तक अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने का निर्णय लिया है। यह साप्ताहिक ट्रेन ...और पढ़ें

अमृत भारत एक्सप्रेस

अमृत भारत एक्सप्रेस

HighLights

  1. अमृत भारत एक्सप्रेस सीतामढ़ी होकर अमृतसर तक चलेगी।

  2. न्यू जलपाईगुड़ी से अमृतसर तक साप्ताहिक ट्रेन सेवा।

  3. मिथिलांचल, सीमांचल को पंजाब से सीधा संपर्क मिलेगा।

संवाद सहयोगी, सीतामढ़ी। रेलवे ने मिथिलांचल व सीमांचल के रास्ते सीतामढ़ी होकर अमृतसर तक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे बोर्ड की ओर से जारी पत्र के अनुसार ट्रेन संख्या 14663/14664 अमृत भारत एक्सप्रेस न्यू जलपाईगुड़ी से अमृतसर तक सप्ताह में एक दिन चलाई जाएगी। 

न्यू जलपाइगुड़ी से यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार को सुबह 08: 05 से प्रस्थान करेगी और सोमवार को अलस्सुबह 02:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी। वहीं अमृतसर से यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार को दोपहर 12:45 बजे खुलकर शनिवार को अलस्सुबह 04:15 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी। 

सीमावर्ती इलाके के लोगों को पंजाब तक सीधा संपर्क 

रेलवे बोर्ड के अनुसार न्यू जलपाईगुड़ी से अमृतसर के बीच यह नई साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी और सीमांचल तथा मिथिलांचल के साथ नेपाल सीमावर्ती इलाके के लोगों को पंजाब तक सीधा संपर्क प्रदान करेगी। 

रेलवे बोर्ड के इस फैसले से सीमांचल और मिथिला क्षेत्र के लोगों में खुशी देखी जा रही है। इस ट्रेन के परिचालन से व्यापार और टूरिज्म को काफी बढ़ावा मिलेगा। यह ट्रेन झंझारपुर, राघोपुर और फारबिसगंज के रास्ते चलेगी।

इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन

ट्रेन का ठहराव कटिहार जंक्शन, अररिया, फारबिसगंज, ललितग्राम, नरपतगंज, राघोपुर, सरायगढ़, निर्मली, झंझारपुर, सकरी, सीशो , सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, गोंडा, सीतापुर, मुरादाबाद, सहारनपुर, अंबाला कैंट व लुधियाना। ट्रेन का कुछ अन्य जंक्शन व स्टेशनों पर भी ठहराव संभव है।

नवनिर्मित रेलखंड का होगा उपयोग

यह ट्रेन न केवल पुराने रूट बल्कि ललितग्राम बायपास और अररिया-गलगलिया नवनिर्मित रेलखंड होकर गुजरेगी। इस रेलखंड के चालू होने और इस पर अमृत भारत जैसी प्रीमियम ट्रेन की शुरुआत होने से सीमांचल और उत्तर बिहार के व्यापारिक और सामाजिक रिश्तों को मजबूती मिलेगी। 

इस क्षेत्र के कारोबारियों ने रेलवे को इस फैसले के लिए धन्यवाद दिया है। अमृत भारत एक्सप्रेस अपनी तेज रफ्तार और आधुनिक कोच (पुश-पुल तकनीक) के लिए जानी जाती है, यह ट्रेन चलने से अमृतसर जाने वाले श्रमिकों, पर्यटकों और व्यापारियों को काफी सहूलियत होगी।

रेलवे बोर्ड के निर्णय के अनुसार शीघ्र ही इस ट्रेन का परिचालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जल्द ही इसकी तिथि घोषित की जाएगी।- सरस्वती चंद्र, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर।