विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बीच सड़क काटा जन्मदिन का केक, फिर पिस्टल से ठायं-ठायं... सीतामढ़ी में जश्न का वीडियो वायरल

By Sumit KumarEdited By: Dharmendra Singh
Published: Thu, 10 Sep 2026 11:41 AM (IST)

सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र में एक जन्मदिन समारोह के दौरान सड़क पर केक काटने और पिस्टल से हवाई फायरिंग ...और पढ़ें

HighLights

  1. सीतामढ़ी में जन्मदिन पर सड़क पर केक काटा गया।

  2. जश्न के दौरान पिस्टल से हवाई फायरिंग की गई।

  3. वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने जांच शुरू की।

सुमित कुमार, सीतामढ़ी। जन्मदिन की खुशी में केक काटने से शुरू हुआ जश्न उस समय हैरान करने वाला बन गया, जब युवकों ने बीच सड़क पिस्टल लहराकर हवा में फायरिंग शुरू कर दी। रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के बघारी गांव के समीप डंगराहा पुल पर हुए इस जश्न का वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है। पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रुन्नीसैदपुर थानाध्यक्ष को जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया है।

sitamarhi crime

कार पर रखे केक, सड़क पर जश्न

मिली जानकारी के अनुसार बघारी गांव निवासी रामेश्वर चौधरी के पुत्र सोनू कुमार का मंगलवार, आठ सितंबर को जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के लिए सोनू अपने दोस्तों के साथ गांव के समीप डंगराहा पुल पहुंचा था। वहां कार पर कई केक रखे गए और बीच सड़क पर ही जन्मदिन का जश्न मनाया गया। आसपास से लोगों और वाहनों की आवाजाही भी जारी थी।

केक के बाद निकली पिस्टल

केक काटने और जश्न मनाने के बाद युवकों ने हथियार निकाल लिए। प्रसारित वीडियो में दो युवक बारी-बारी से पिस्टल निकालकर हवा में फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद एक अन्य युवक के भी हथियार से फायरिंग करने की बात सामने आ रही है। फायरिंग के दौरान आसपास लोग और वाहन भी नजर आ रहे हैं।

फेसबुक स्टेटस से इंटरनेट मीडिया तक पहुंचा वीडियो

बताया जा रहा है कि युवकों ने फायरिंग का वीडियो बनाकर उसे फेसबुक स्टेटस पर पोस्ट किया था। इसके बाद वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा। वीडियो पुलिस तक पहुंचने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

हथियार के लाइसेंस की भी होगी जांच

पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने में जुटी है। फायरिंग में इस्तेमाल पिस्टल के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता कर रही है कि हथियार लाइसेंसी है या नहीं और यदि लाइसेंसी है तो उसका इस्तेमाल इस तरह किए जाने की परिस्थितियां क्या थीं। एसपी ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया है।

यह काफी गंभीर मामला है। रून्नीसैदपुर थाना अध्यक्ष को मामले की जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान और इस्तेमाल किए गए हथियार के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए टीम को भेजा गया है।
अमित रंजन, पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी