विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर में भोजपुरी गाना बजाने का विरोध करने पर युवक को गोली मारी, दो गिरफ्तार

Published: Sat, 06 Jun 2026 03:26 PM (IST)

सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर में तेज आवाज में भोजपुरी गाने बजाने का विरोध करने पर एक युवक को गोली मार दी ...और पढ़ें

गाना बजाने का विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और बात यहां तक पहुंच गई। प्रतीकात्मक फोटो

गाना बजाने का विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और बात यहां तक पहुंच गई। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. भोजपुरी गाना बजाने पर हुआ विवाद।

  2. युवक धर्मेंद्र कुमार को मारी गोली।

  3. दो आरोपी पेन पिस्टल सहित गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Sitamarhi Firing Case: रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के रायपुर (मधौल सानी) गांव में तेज आवाज में भोजपुरी और अश्लील गीत बजाने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया।

मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और कुछ युवकों ने युवक पर गोली चला दी। गोली उसके सीने को छूते हुए बगल से निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

विरोध करने पर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, घटना की शुरुआत गुरुवार देर शाम हुई थी। आरोप है कि गांव निवासी संजय राय के पुत्र रौशन कुमार और उसके भाई नरेंद्र कुमार उर्फ छोटू एक ऑटो में तेज आवाज में भोजपुरी और अश्लील गीत बजा रहे थे।

इसी दौरान गांव के ही धर्मेंद्र कुमार (30) ने उन्हें ऐसा करने से मना किया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विरोध करने पर धर्मेंद्र के साथ मारपीट की गई और उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

घात लगाकर किया जानलेवा हमला

प्राथमिकी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब नौ बजे धर्मेंद्र कुमार घर से बाहर निकला था। इसी दौरान पहले से घात लगाए आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।

आरोप है कि हमले के दौरान आरोपियों ने गोली चला दी। गोली धर्मेंद्र के सीने को रगड़ते हुए बगल से निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में भर्ती

घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में घायल युवक को मुजफ्फरपुर के बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार इलाज के बाद उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर है।

पिता के बयान पर प्राथमिकी

रुन्नीसैदपुर थानाध्यक्ष रामनाथ प्रसाद ने बताया कि घायल युवक के पिता रामगणेश राय के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

पेन पिस्टल के साथ दो गिरफ्तार

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी रौशन कुमार और नरेंद्र कुमार उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी रायपुर गांव के ही रहने वाले हैं।

थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों के पास से एक पेन पिस्टल भी बरामद की गई है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।