सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर में लूट की बड़ी साजिश नाकाम, हथियारों संग 10 बदमाश दबोचे गए
पुलिस ने सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर में एक बड़ी लूट और डकैती की साजिश को नाकाम कर दिया है। इस कार्रवाई ...और पढ़ें

पुलिस द्वारा जब्त देसी पिस्टल, कारतूस व मोबाइल फोन।
HighLights
रुन्नीसैदपुर में लूट और डकैती की साजिश नाकाम।
पुलिस ने 10 आरोपितों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया।
सोने की दुकान और सीएसपी लूटने की थी योजना।
देवेंद्र सिंह, रुन्नीसैदपुर (सीतामढ़ी)। Runnisaidpur Robbery Plot: सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने लूट और डकैती की बड़ी साजिश का पर्दाफाश करते हुए 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इनके पास से तीन देसी पिस्टल, आठ कारतूस और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, सभी बदमाश नानपुर थाना क्षेत्र के बहुरार गांव स्थित सोने की दुकान और एक सीएसपी को लूटने की साजिश में जुटे थे।
हथियारों के साथ गिरफ्तारी
थानाध्यक्ष ललित कुमार ने बताया कि बघाड़ी गांव निवासी दीपक कुमार की देसी पिस्टल के साथ फोटो वाट्सऐप पर प्रसारित हुई थी। इस मामले में दीपक की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ।
वाट्सऐप पर प्रसारित फोटो में दिख रही देसी पिस्टल और दो कारतूस दीपक की निशानदेही पर उसकी चाची बच्ची देवी के पास से बरामद किए गए।
पिस्टल को टेडीबियर में छिपाकर घर के पिछले हिस्से में रखा गया था। पुलिस ने पिस्टल के साथ बच्ची देवी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान सामने आए अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुअनि दिनेश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
जमीन में दबाए थे हथियार
पुलिस के अनुसार, चैनपुर गाछी में लूट की साजिश रचने में कुल 11 लोगों के नाम सामने आए। पुलिस की कार्रवाई के दौरान इनमें से नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
चैनपुर गाछी में आम के पेड़ के समीप जमीन के नीचे दो देसी पिस्टल और 315 बोर के छह कारतूस दबाकर रखे गए थे, जिन्हें बदमाशों की निशानदेही पर बरामद किया गया।
12 नामजद में 10 गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों में रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के बघाड़ी गांव निवासी भोला राउत के पुत्र दीपक कुमार, सोनू कुमार, विशंभर राउत के पुत्र मनीष कुमार, विशंभर राउत की पत्नी बच्ची देवी और दिलीप कुमार चौधरी के पुत्र आयुष कुमार शामिल हैं।
इनके अलावा नानपुर थाना क्षेत्र के अधगांव निवासी संजीव कुमार राय के पुत्र प्रिंस कुमार, राम प्रकाश राउत के पुत्र मोहित कुमार, ददरी गांव के त्रिवेणी राय के पुत्र अवधेश कुमार तथा बाजपट्टी थाना क्षेत्र के सौरा गांव निवासी मुंद्रिका कुंवर के पुत्र अभिमन्यु कुमार व आनंद मोहन कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
दो आरोपित अभी फरार
थानाध्यक्ष ललित कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। कुल 12 नामजद आरोपितों में से 10 को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बघाड़ी गांव निवासी दीपेन्द्र पांडेय के पुत्र शिवम कुमार और रुन्नीसैदपुर बाजार के वार्ड संख्या-09 निवासी विनोद महतो के पुत्र भोलू उर्फ राजीव कुमार अभी फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
