आरएसएस ने किया शस्त्र पूजन, शहर में किया पथ संचलन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नगर इकाई की ओर से शुक्रवार को जालान मंदिर परिसर में स्थापना दिवस सह शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सीतामढ़ी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नगर इकाई की ओर से शुक्रवार को जालान मंदिर परिसर में स्थापना दिवस सह शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें एकत्रीकरण शाखा द्वारा भगवा ध्वज, संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार, भारत माता तथा गुरुजी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर अस्त्र-शस्त्र का पूजन किया गया। इस दौरान जिला प्रचारक आलोक कुमार ने संघ की स्थापना और शस्त्र पूजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 27 सितंबर 1925 में विजयादशमी के दिन संघ की स्थापना नागपुर के मोहितेवारा स्थान में की गई थी। कहा कि शस्त्र हिन्दूओं का आभूषण है, बरसात शस्त्रों के लिए संक्रमण काल होता है। ऐसे में बरसात बाद इनकी साफ-सफाई का विशेष महत्व है। बताया कि आदि काल से ही हिन्दू धर्म में शस्त्रों का विशेष महत्व है और हमारे देवी-देवता शस्त्र धारण करते हैं। उन्होंने शस्त्रों का उपयोग किसी को डराने या गलत मंशा से नहीं करने की बात कही।
प्रार्थना बाद परंपरागत शस्त्रों के साथ शहर के विभिन्न मार्गों से पथसंचलन निकाला गया जो जालान मंदिर पहुंचने के बाद मिष्ठान वितरण के साथ संपन्न हुआ। मौके पर जिला संचालक डॉ. ओम प्रकाश, सह जिला कार्यवाह हृषिकेश कुमार चौधरी, नगर संघचालक मनोज गुप्ता, नगर कार्यवाह राजकुमार, केदार प्रसाद, गणेश कुमार, किशन कांस्यकार, संजय झा, ऋषि रंजन, राज कुमार, शत्रुध्न शर्मा, राजा, राजीव रंजन समेत दर्जनों स्वयंसेवक उपस्थित थे।