विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राखी और तिरंगे की डबल सौगात, डाक विभाग लेकर आया खास आफर

Published: Fri, 14 Aug 2026 06:30 AM (IST)

भारतीय डाक विभाग ने रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सीतामढ़ी में विशेष सुविधाएं शुरू की हैं। इसमें राखी ...और पढ़ें

12 रुपये में मिलेगा लेमिनेटेड राखी स्पेशल लिफाफा, 25 रुपये में तिरंगा (AI Generated Image)

12 रुपये में मिलेगा लेमिनेटेड राखी स्पेशल लिफाफा, 25 रुपये में तिरंगा (AI Generated Image)

HighLights

  1. राखी मेल स्पीड पोस्ट पर 10% विशेष छूट।

  2. ₹12 में लैमिनेटेड राखी स्पेशल लिफाफा उपलब्ध।

  3. हर घर तिरंगा अभियान के तहत ₹25 में झंडा।

जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस के बीच भारतीय डाक विभाग इस बार लोगों के लिए दोहरी खुशखबरी लेकर आया है। अगर आप दूर शहर या दूसरे राज्य में रहने वाले भाईयों को राखी भेजना चाहते हैं और साथ ही हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेना चाहते हैं, तो डाकघर में दोनों सुविधाएं एक साथ उपलब्ध हैं।

विभाग ने राखी मेल स्पीड पोस्ट पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट देने के साथ-साथ मात्र 12 रुपये में लैमिनेटेड राखी स्पेशल लिफाफा और 25 रुपये में तिरंगा झंडा उपलब्ध कराना शुरू कर दिया है।

डाक अधीक्षक एस. एस. सुमन ने बताया कि 12 अगस्त से यह विशेष सुविधा सीतामढ़ी मुख्य डाकघर सहित जिले के संबंधित डाकघरों में लागू कर दी गई है। ग्राहक स्पीड पोस्ट लिफाफे पर ‘राखी मेल’ लिखकर विशेष बुकिंग काउंटर पर आसानी से अपनी राखी बुक करा सकते हैं।

इस योजना के तहत प्रति ग्राहक अधिकतम पांच राखी मेल स्पीड पोस्ट लिफाफों पर 10 प्रतिशत छूट का लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा राखी स्पेशल लिफाफा पूरी तरह लैमिनेटेड है, जिससे बारिश, नमी और अन्य कारणों से राखी खराब होने की आशंका नहीं रहती। कम कीमत में यह लिफाफा राखी को सुरक्षित और बेहतर तरीके से भेजने का विकल्प प्रदान करता है।

रक्षाबंधन को देखते हुए डाक विभाग ने राखी मेल के त्वरित प्रसंस्करण, विशेष प्रेषण और प्राथमिकता के आधार पर वितरण की व्यवस्था की है। सभी डाक कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि राखी से जुड़े सभी पार्सलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि बहनों का स्नेह बिना किसी विलंब के भाइयों की कलाई तक पहुंच सके।

डाक अधीक्षक एसएस सुमन ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभाग की ओर से मात्र 25 रुपये में तिरंगा झंडा भी बेचा जा रहा है। इस बार जिले में 5,000 तिरंगे बेचने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि अधिक से अधिक घरों पर राष्ट्रीय ध्वज लहराया जा सके।