अंबानी के मैनेजर का काम कर रहे पीएम मोदी : रघुवंश
राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ.रघुवंश प्रसाद ¨सह ने 2019 के चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि बिहार में जुल्मी और छली सरकार है।
सीतामढ़ी। राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ.रघुवंश प्रसाद ¨सह ने 2019 के चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि बिहार में जुल्मी और छली सरकार है। इस सरकार को हटाने के लिए चुनाव का इंतजार नहीं करेंगे। सड़क पर उतर सत्याग्रह कर सरकार को 2019 के पहले उखाड़ फेकेंगे। वे सोमवार को शहर के राजेंद्र भवन में सीतामढ़ी विधानसभा बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी अंबानी के मैनेजर का काम कर रहे हैं। नीरव मोदी व विजय माल्या जैसे लोग पांच-पांच हजार करोड़ लेकर भाग जा रहे हैं। देश की हालत बहुत खराब है। हर जगह लोग तबाह है। शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार की व्यवस्था चौपट है। मोदी सरकार में देश के अंदर और बाहर कालाधन बढ़ा है। स्वीटजरलैंड के स्वीस बैंक का आंकड़ा बताता है कि बैंक में भारत का डेढ़ गुणा कालाधन बढ़ा है। देश में 12 लाख किसान आत्महत्या कर चुके हैं। प्रतिदिन दो हजार किसान खेती छोड़ रहे हैं। बैंक दिवालिया हो रहा है। लोगों को बैंक में पैसे नहीं मिल रहे। नोटबंदी के समय से अभी तक संकट बरकरार है। नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में विधि व्यवस्था की हालत खराब है। अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है। शराबबंदी के नाम पर डेढ़ लाख दलित, गरीब लोगों को जेल में बंद कर दिया गया है। शराबबंदी और दहेजबंदी पूरी तरह विफल है। कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होते हैं। कार्यकर्ता की बदौलत ही बड़ी से बड़ी लड़ाई जीती जा सकती है। मोदी सरकार ने चार वर्षों में एक भी वादे को पूरा नहीं किया, उल्टे जनता से किए वादे को जुमला बता कर धोखा देने का काम किया। नीतीश व मोदी सरकार सभी मोर्चे पर विफल है। आने वाले लोकसभा व विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता दोनों ललटू व सलटू को औंधे मुंह गिराने का काम करेगी।
तेजस्वी को सीएम बनने से कोई नहीं रोक सकता
पूर्व सांसद व पार्टी के प्रधान महासचिव आलोक कुमार मेहता ने कहा कि दुनिया की कोई ताकत 2020 के विधानसभा चुनाव में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनने से नहीं रोक सकती है। बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए स्थानीय विधायक सुनील कुशवाहा को बधाई देते हुए कहा कि यह बिहार का पहला बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन है। इससे प्रेरणा लेकर दूसरे जिला व विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम को बढ़ाया जाएगा।
चुनाव में मोदी और नीतीश को जीरो पर आउट करेगी जनता
पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने कहा कि लालू प्रसाद व तेजस्वी यादव की विचारधारा को जन मानस तक पहुंचाने की जरूरत है। 2019 में बिहार व देश की जनता नीतीश कुमार व नरेंद्र मोदी को जीरो पर आउट करेगी। लालू प्रसाद ने सभी जाति व धर्म के लोगों को सम्मान करते हुए सामाजिक न्याय को मजबूत करने का काम किया।
अफसरों के इशारे पर चल रहे नीतीश कुमार
पूर्व सांसद सीताराम यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने पूरे देश के किसान, मजदूर व युवाओं को ठगने का काम किया है। बूथ स्तर के कार्यकर्ता आज से ही चुनाव की तैयारी में लग जाएं। नीतीश सरकार अफसरशाही के इशारे पर चल रही है। अफसर सरकार में शामिल विधायक व मंत्रियों की बात भी नहीं सुन रहे हैं।
जनादेश के पीठ में नीतीश ने भोंका खंजर
मनेर के विधायक व पार्टी के मुख्य प्रवक्ता भाई विरेंद्र ने कहा कि नीतीश सरकार दो नावों की सवारी कर रही है। बिहार में जुमलों व लफ्फाजों की सरकार है। लालू यादव गरीबों की आवाज हैं। नरेंद्र मोदी व नीतीश ने उनकी आवाज को बंद कराने के लिए उन्हें जेल में भेजवाने का काम किया। नीतीश सरकार में बिहार के लोगों पर एक नया आरसीपी टैक्स लग रहा है।
2019 चुनाव को जीतने का दिलाया संकल्प
सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए स्थानीय विधायक सुनील कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को 2019 चुनाव को जीतने का संकल्प दिलाया। कहा कि कार्यकर्ताओं की बदौलत केंद्र की मोदी व बिहार की नीतीश सरकार को उखाड़ फेंकना है।
सम्मेलन को विधायक मंगीता देवी, विधान पार्षद दिलीप राय, पूर्व मंत्री सूर्यदेव राय, पूर्व मंत्री व सरैया के विधायक मुंद्रिका प्रसाद यादव, पूर्व विधान पार्षद दिलीप यादव, जिलाध्यक्ष शफीक खां, नानपुर प्रमुख मुकेश कुमार लाल, सोनबरसा प्रमुख ब्रजेश पासवान, चंद्रजीत प्रसाद यादव, हरिओम शरण नारायण, रौशन यादव, जवाहर यादव, श्रीनाथ राय, जलालुद्दीन खां, नंदलाल यादव, रामजीनिस यादव, अमीरीलाल राय, शिवचंद्र राय, देवेंद्र यादव, अहिराज शैलेंद्र भूषण, पवन मंडल, मनीष यादव, रमेश प्रसाद, टुल्लू यादव, महेंद्र राम आदि ने संबोधित किया। स्वागत आयोजन समिति के संयोजक मोहन कुमार प्रियदर्शी ने किया।
---------------------